होमगार्डों ने नियमित ड्यूटी न मिलने और वेतन में बढ़ोतरी की मांग पूरी न होने समेत विभिन्न मांगों को लेकर सीएम के नाम एक ज्ञापन भेजा है। जिन्होंने मांगें पूरी न होने पर एक जून से ड्यूटी पर आमद न करने की चेतावनी दी है।
सिंभावली में सोमवार को होमगार्डों ने एक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें ओमदत्त त्यागी, अर्जुन शर्मा ने कहा कि होमगार्ड नियमित ड्यूटी न मिलने और कम वेतनमान के कारण भुखमरी का जीवन व्यतीत करने को मजबूर हैं।
प्रदेश में उन्हें रोस्टर के आधार पर ड्यूटी दी जाती है। लेकिन अवैध वसूली के चलते रोस्टर प्रणाली में धांधली कर बार-बार कुछ होमगार्डों को ही ड्यूटी दी जा रही है। बैठक के बाद होमगार्डों ने सीएम के नाम एक ज्ञापन प्रेषित किया है।
जिसमें उल्लेख किया है कि उन्हें नियमित ड्यूटी के साथ ही सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार कांस्टेबल पद के बराबर वेतन भी दिलाया जाए। होमगार्डों ने मांगें पूरी न होने पर एक जून से कार्यबहिष्कार कर अनिश्चितकालीन आंदोलन की भी चेतावनी दी है।
बैठक में दीपेंद्र कुमार, मुजीबुर्रहमान, हरिप्रकाश शर्मा, यशपाल सिंह, राकेश कुमार, अरविंद कुमार, भूपेंद्र चौधरी, प्रदीप कुमार मौजूद रहे।