पिलखुवा में टोल पर मांस से भरी गाड़ी पकड़ने के बाद पुलिस से बात करते हिंदू संगठन के कार्यकर्ता। स
पिलखुवा। थाना क्षेत्र के एनएच-9 स्थित छिजारसी टोल पर हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने पशुओं के मांस से भरी कार को पकड़ कर आरोपी को दबोच लिया। कुछ कार्यकर्ताओं ने कार में गोमांस होने की बात कहते हुए हंगामा शुरू कर दिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन देकर कार्यकर्ताओं को शांत किया। इसके बाद पुलिस पशु मांस से भरी कार व आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। वहीं, चिकित्सक ने पशु मांस का सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है।
सोमवार को कार्यकर्ताओं को मेरठ से पशु मांस से भरी एक कार दिल्ली की ओर जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर सैकड़ों कार्यकर्ता छिजारसी टोल पर एकत्र हो गए। कुछ देर बाद कार्यकर्ता ने संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक भागने का प्रयास करने लगा। कार्यकर्ताओं ने घेराबंदी कर कार को पकड़ कर आरोपी को दबोच लिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने देखा तो कार में पशु मांस भरा था।
इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने कार में गोमांस होने की बात कहते हुए हंगामा शुरू कर दिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे कार्यकर्ताओं को कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया। पुलिस ने पशु मांस से भरी कार को कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में ले लिया और थाने ले आए। हिंदू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष रविंद्र शर्मा ने बताया कि प्रतिबंधित पशु मांस लेकर जाने की सूचना के आधार पर सभी कार्यकर्ता छिजारसी टोल पर एकत्र हुए थे। मांस से भरी कार व आरोपी को पुलिस को सौंप दिया है।