हापुड़। लालपुर बिजलीघर से जुड़े गांव गौंदी में शनिवार सुबह हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर केबिलों पर गिर गया। जिससे घरों में 11 हजार वोल्टेज का करंट दौड़ गया। करंट लगने से 30 वर्षीय युवक परवेज की मौत हो गई, दस से अधिक घरों में लगे उपकरणों और जरूरी सामान में आग लग गई। आग बुझाने के प्रयास में कई लोग झुलस गए। युवक की मौत पर ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया, मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत किया।
गौंदी गांव के बीच से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है, जो जर्जर हालत में है। शनिवार सुबह लाइन का तार टूटकर नीचे से गुजर रहे केबिलों पर गिर गया, घरों की रेलिंग से भी तार छू गया। आधे गांव के घरों में करंट दौड़ने लगा। 30 वर्षीय परवेज उर्फ गुड्डू ने जलते उपकरणों को बचाने के लिए जैसे ही तार को छुआ, वह चपेट में आ गया।
परिजनों ने बचाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली, परवेज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, चुन्ने, सद्दाम, शुभान, नूरू, नफीस, फुरकान, अकबर, सुलेमान, रहीम, तरीकत, शमशाद के घरों में भी करंट उतरने से उपकरण फुंक गए। चुन्ने के घर में सारा सामान जल गया, जिसे बचाने के चक्कर में सुल्ताना और सना भी झुलस गई। जर्जर विद्युत लाइन से हुए हादसे से ग्रामीणों में आक्रोश पनप गया। पुलिस ने लोगों को समझाया, इस बीच एसडीएम सुनीता सिंह, सीओ स्तुति सिंह, एसडीओ देवेंद्र यादव मौके पर पहुंचे। परिजनों को ऊर्जा निगम से आर्थिक मद्द दिलाने के आश्वासन पर मृतक के पोस्टमार्टम को तैयार हुए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, साथ ही गांव में जर्जर लाइन को बदलने की तैयारी भी शुरू कर दी गई।
लाइट, पंखें तक नहीं बचे-
घरों में लगे लाइट, पंखें भी हाईवोल्टेज के करंट से फुंक गए। जिनका स्विच भी बंद था, ऐसे उपकरण भी फुंक गए। ग्रामीणों की मानें तो दस लाख से अधिक का नुकसान हुआ है।
जर्जर तार बदलवाए
हादसे के बाद ठेकेदार को भेजकर करीब 70 मीटर जर्जर तारों के स्थान पर एबीसी केबल डलवा दिया गया है। साथ ही जर्जर लाइनों की बदली के लिए एस्टीमेट भी तैयार किया गया है।
-
डंपर आए दिन तोड़ते हैं खंभे
गांव में बिजली के खंभे आए दिन मिट्टी खनन में लगे डंपरों से टूटते हैं, जिन्हें सांठगांठ कर बदलवा भी लिया जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि आए दिन तारों में डंपरों के कारण फाल्ट होते हैं। एक खंभा ऊपर से टूटा भी पड़ा है, जिसको अभी तक नहीं बदला गया है।
मृतक के परिजनों को दिलाएंगे आर्थिक मदद
करंट की चपेट में आने से मृतक के परिजनों को आर्थिक मदद दिलाई जाएगी। इसके लिए ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। जर्जर लाइनों की भी बदला जाएगा। - सुनीता सिंह, एसडीएम।