आंगन रखी थी बाल्टी, घर में पूरा परिवार
आर्य नगर निवासी संदीप मजदूरी करते हैं। शनिवार दोपहर उनकी दो वर्षीय बेटी भूरी घर के आंगन में खेल रही थी। घर में पिता संदीप, मां पिंकी और दादी मुन्नी मौजूद थीं। इसी दौरान आंगन में रखी बाल्टी में पानी भरा हुआ था और बच्ची गिलास से पानी निकालकर खेल रही थी। इस दौरान परिवार के लोग घरेलू कार्यों में व्यस्त थे। बताया जा रहा है कि खेलते समय बाल्टी का काफी पानी बाहर निकल गया। इस दौरान गिलास बच्ची के हाथ से छूटकर बाल्टी के अंदर नीचे रह गया, जिसे निकालने के लिए बच्ची उसमें झुक गई।
काफी देर तक सुनाई नहीं दी बच्ची की आवाज, तो परिवार को आई याद
इसी दौरान वह बाल्टी में गिर गई और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। काफी देर तक बच्ची की आवाज नहीं सुनाई दी तो परिजन उसे देखने पहुंचे। बच्ची को बाल्टी में देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन उसे तुरंत पास के चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। चिकित्सक ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि बच्ची की बाल्टी में डूबने से मौत होने की जानकारी मिली है। इस संबंध में पुलिस को कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।