लिसाड़ी गेट क्षेत्र में शादी के महज दो दिन बाद ही नवविवाहिता को लेकर विवाद हो गया। मंगलवार रात वलीमे के कार्यक्रम में हापुड़ निवासी एक युवक पहुंच गया और दुल्हन को अपनी पत्नी होने का दावा करते हुए हंगामा कर दिया। युवक के अनुसार उसका पांच महीने पहले ही युवती से निकाह हो चुका है। युवक ने आरोप लगाया कि युवती के परिजनों ने उसे बिना बताए दूसरी जगह शादी कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक और नवविवाहिता को थाने ले गई।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी युवक की शादी 16 नवंबर को हापुड़ निवासी एक युवती के साथ हुई थी। मंगलवार रात युवक के घर के बाहर गली में वलीमे का कार्यक्रम किया गया था। परिवार के लोग और रिश्तेदार खुशियों में शामिल थे। इसी दौरान हापुड़ निवासी एक युवक वहां पहुंच गया। युवक ने वलीमे में पहुंचते ही हंगामा शुरू कर दिया।
उसका दावा था कि पांच महीने पूर्व ही उसका युवती के साथ निकाह हो चुका है। शादी की जानकारी युवती के परिजनों को भी है। युवक के हंगामे के दौरान दूल्हे पक्ष की उससे कहासुनी हो गई। युवक की सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर शांत किया। पुलिस दोनों पक्षों को लेकर थाने आ गई। युवक के परिजन भी मौके पर आ गए।
युवक ने पुलिस को युवती से शादी के फोटो व वीडियो दिखाए। इसके बाद युवती के परिजन युवती को लेकर हापुड़ चले गए। सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर आने पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।