ऊर्जा निगम के मुख्य अभियंता ने सीए का वेतन रोका
पिलखुवा। तबादला होने के बाद भी नवीन तैनाती स्थल पर काम न करने के चलते ऊर्जा निगम बुलंदशहर जोन के मुख्य अभियंता विनोद कुमार मिश्रा ने पिलखुवा डिवीजन के सीए प्रवीन कुमार का वेतन रोकने के आदेश दिए हैं वहीं मुख्य अभियंता ने दो दिन के अंदर सीए को रिलीव नहीं करने पर अधिशासी अभियंता के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए है।
ऊर्जा निगम के मुख्य अभियंता विनोद कुमार मिश्रा बृहस्पतिवार को पिलखुवा डिवीजन कार्यालय पहुंचे। उन्होंने अधिशासी अभियंता, उपखंड अधिकारी और अवर अभियंताओं के साथ बैठक की। जिसमें उन्होंने राजस्व वसूली, लाइन मेंटेनेंस करने, बिजली चोरी रोकने संबंधी दिशा निर्देश दिए। अवर अभियंताओं द्वारा वसूली कम करने पर नाराजगी भी व्यक्त की। अधिशासी अभियंता भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले दिनों मुख्य अभियंता द्वारा डिवीजन के सीए प्रवीन कुमार का स्थानांतरण बुलंदशहर किया गया था। सीए द्वारा अभी तक नवीन तैनाती पर ज्वाइन नहीं करने के कारण मुख्य अभियंता ने वेतन रोकने के निर्देश दिए है। बैठक में अधिशासी अभियंता भूपेंद्र सिंह, तीनों उपखंड अधिकारी पिलखुवा प्रमोद कुमार, धौलाना सुभाष यादव और नितिन गुप्ता आदि थे।