चोरी के बाद बिखरे सामान को दिखाती पीड़ित महिला मोनिका।
- फोटो : PILAKHWA
पुजारी के मकान का ताला तोड़कर नकदी-जेवर चोरी
पिलखुवा। शादी में राजस्थान गए एक पुजारी के मकान पर चोरो ने धावा बोल दिया। मकान का ताला तोड़कर चोर उसमें रखी नगदी और लाखों के आभूषण चोरी कर ले गए। पड़ोसियों की सूचना पर घर पहुंचे पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला रजनी विहार निवासी पंकज शर्मा गांधी कॉलोनी के मंदिर में पुजारी है। सोमवार को छोटे भाई की शादी समारोह के चलते पंकज परिवार के साथ मकान पर ताला लगाकर रविवार को राजस्थान गया था। मुख्य गेट पर लगा देख चोरों ने सोमवार की रात मकान का ताला तोड़कर नगदी व जेवर चोरी कर लिए।मंगलवार की सुबह ताला टूटा देख पड़ोसियों ने चोरी होने की सूचना पीड़ित को दी। सूचना पाकर पहुंचे पीड़ित ने घर का सामान बिखरा देखा तो पैरों तले से जमीन निकल गई। पीड़ित पुजारी की पत्नी मोनिका शर्मा ने बताया कि मकान की किश्त जमा करने के लिए अलमारी में रखे रुपयों के अलावा कीमती आभूषण और सामान चोरी कर ले गए हैं। पालिका सभासद विकास तोमर ने बताया कि पूर्व में भी मोहल्ले के कई मकानों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। जिनका पुलिस अभी तक खुलासा करने में नाकाम रही है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अभिनव सिंह पुंडीर का कहना है कि मामले में अभी तक तहरीर नहीं मिली है, मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर चोरों को जल्द गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।