महिला ने रिश्तेदारों पर लगाया सामूहिक दुष्कर्म का आरोप
पिलखुवा। नव विवाहिता ने ननदोई और जेठ पर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि मायके से ससुराल ले जाते समय आरोपियों ने रास्ते में दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया और बदहवास की हालात में उसे छोड़कर फरार हो गए। राहगीर की मदद से पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। अभी तक मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है।
कोतवाली धौलाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती का दो माह पहले जनपद मेरठ के माधवपुरम में निवासी युवक से निकाह हुआ था। नवविवाहिता का कहना है कि गत 29 अगस्त को महिला को ससुराल ले जाने के लिए ननदोई और जेठ का बेटा उसके गांव में आए थे। जिनके साथ मायके पक्ष के लोगों द्वारा नव विवाहिता को भेज दिया। आरोप है कि पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के गांव अनवरपुर के पास बाथरूम के बहाने आरोपियों ने कार को रोक लिया। इससे पहले महिला कुछ समझ पाती कि आरोपियों ने महिला को जबरन खेत में खींच लिया और उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। इसी बीच महिला का शोर सुनकर बाइक सवार राहगीर को अपनी ओर आता देख आरोपी महिला को बदहवासी की हालत में छोड़कर फरार हो गए। राहगीर के माध्यम से महिला से मामले की सूचना पुलिस को दी।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुबोध सक्सेना का कहना है कि पीड़िता की तहरीर पर दोनों पक्षों को कोतवाली में बुलाया गया है। महिला का पूर्व में भी निकाह हो चुका है और उसमें भी इसी तरह के आरोप लगाए गए थे, जिसके बाद फैसला हुआ था। आरोपियों के मोबाइल फोन नंबर की सीडीआर निकाली जा रही है। शीघ्र ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।