तीन से चार हजार लीटर दूध चोरी करने पर तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
पिलखुवा। आनंदा दुग्ध डेयरी के केमिस्ट, सिक्योरिटी गार्ड और कैंटर चालक द्वारा लाखों रुपये कीमत का दूध चोरी करने का मामला प्रकाश में आया हैं। दूध चोरी के मामले का खुलासा होने पर डेयरी के प्रशासनिक अधिकारी ने तीनों के खिलाफ कोतवाली पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पिलखुवा-दहपा मार्ग पर गांव खैरपुर-खैराबाद के पास आनंदा दुग्ध डेयरी के प्रशासनिक महाप्रबंधक राजेश राय ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि 14 जुलाई को जिला अमरोहा के थाना जोया क्षेत्र के गांव पेरंगमपुर निवासी टैंकर चालक जोगेंद्र जहानाबाद फतेहपुर से दूध लेकर चला था। गत 15 जुलाई को टैंकर दुग्ध लेकर डेयरी में पहुंचा और चालक ने डेयरी के सिक्योरिटी गार्ड अमरोहा निवासी अंकित और बिजनौर के गांव राजा का ताजपुर निवासी डेयरी के केमिस्ट विकास कुमार से सांठगांठ कर टैंकर की तौल करा दी। शक होने पर मामले की जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में पता चला कि टैंकर में तीन से चार हजार लीटर दूध कम है। जिसकी कीमत लगभग सात लाख रुपये है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार सक्सेना का कहना है कि डेयरी के प्रशासनिक महाप्रबंधक की तहरीर पर तीनों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांचोपरांत साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।