बुग्गी को बचाने में बाइक फिसली, दो युवक घायल
पिलखुवा। बुग्गी को बचाने के चक्कर में बाइक ईंट पर चढ़ गई। जिससे बाइक फिसल गई और दो युवक घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया हैं। इसके अलावा सड़क दुर्घटना में बीस दिन पहले महिला की मौत के मामले में मंगलवार देर रात कोतवाली में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की हैं।
मेरठ के खरखौदा निवासी राहुल और अंकित किसी काम से बाइक द्वारा धौलाना तहसील जा रहे थे। रास्ते में पबला रोड स्थित सड़क पर खड़ी बुग्गी को बचाने के चक्कर में बाइक का पहियां ईंट पर चढ़ गया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। जिसमें दोनों युवक घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
इसके अलावा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार सिंह ने बताया कि गत 30 मार्च को गांव अनवरपुर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से गांव कासमाबाद कस्तला निवासी करन सिंह की पत्नी नीतू घायल हो गई थी। जिसकी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। मामले में मंगलवार देर रात मृतका के पति करन सिंह द्वारा अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस वाहन की तलाश में जुटी हैं।