दूध सप्लायर के मुनीम से डेढ़ लाख रुपये लूटे
पिलखुवा। दिल्ली-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर मंगलवार को जिंदल नगर के पास स्कूटी सवार दो बदमाशों ने एक दूध सप्लायर के मुनीम से डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। वारदात के वक्त मुनीम दूध की सप्लाई करके भुगतान लेकर कैंटर से लौट रहा था। बदमाशों ने ओवरटेक कर कैंटर को रुकवाया और बाद में डंडा मारकर कैंटर का सामने का शीशा तोड़ दिया। जान से मारने की धमकी देते हुए बदमाश नकदी लूटकर फरार हो गए। इसकी सूचना पुलिस को गई । पुलिस ने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू की हैं।
कोतवाली क्षेत्र के गांव खैरपुर-खैराबाद निवासी कौशल कुमार नेशनल हाईवे स्थित एक डेयरी में दूध सप्लायर का कार्य करता हैं। उसकी सप्लाई पिलखुवा, डासना, मसूरी के अलावा अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में है। दूध सप्लायर कौशल कुमार के यहां पिछले कई सालों से मध्य प्रदेश के भिंड निवासी प्रमोद कुमार बतौर मुनीम के रूप में कार्यरत हैं। सभी स्थानों से दूध देने और वहां से भुगतान लाने का काम वहीं देखता हैं। मंगलवार को वह डासना में दूध की सप्लाई कर भुगतान लेकर कैंटर से पिलखुवा लौट रहा था। नेशनल हाईवे पर जिंदल नगर संस्कार कॉलेज के पास स्कूटी सवार सशस्त्र दो युवकों ने ओवरटेक कर कैंटर को रुकवाया। इससे पहले प्रमोद कुछ समझ पाता एक बदमाश ने डंडा मारकर कैंटर के आगे का शीशा तोड़ दिया। दूसरे बदमाश ने कैंटर में घुसकर प्रमोद को जान से मारने की धमकी दी और सीट के पास रखा नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार बैग में डेढ़ लाख रुपये थे। इसके बाद पीड़ित ने मालिक और पुलिस को सूचना दी। दिनदहाड़े लूट की सूचना मिलते ही आनन-फानन में सीओ पिलखुवा डॉ. तेजवीर सिंह और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार सिंह पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल कर सघन चेकिंग शुरू कराई, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग सका।
अपर पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्र का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रही हैं। एएसपी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही हैं। जांचोपरांत साक्ष्यों के आधार पर सही कार्रवाई की जाएगी।