बहादुरगढ़ में अधिवक्ता की गिरफ्तारी पर हंगामा
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ में पुलिस द्वारा अधिवक्ता को गिरफ्तार करने पर मंगलवार को सीओ कार्यालय पर जमकर हंगामा हुआ। अधिवक्ताओं ने एसओ बहादुरगढ़ व सीओ पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए एसपी से कार्रवाई की मांग की।
मंगलवार को बार एसोसिएशन गढ़मुक्तेश्वर अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा और सचिव चौधरी अवनीश कुमार के नेतृत्व में अधिवक्ता सीओ कार्यालय पहुंचे। उन्होंने सीओ और एसओ बहादुरगढ़ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव कनौर में सोमवार रात दो लोगों के बीच मारपीट हो गई थी। जिनमें से एक व्यक्ति अधिवक्ता अभिषेक तोमर के घर पहुंच गया। जिसे अपने घर में पनाह देते हुए अधिवक्ता ने फोन पर पुलिस को सूचना दी। चंद्रशेखर शर्मा का कहना है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे दोनों व्यक्तियों के साथ अभिषेक तोमर को भी गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि मंगलवार की सुबह अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल बहादुरगढ़ थाने पहुंचा, जिन्होंने एसओ राजीव कुमार बालियान से मामले की जानकारी करने की कोशिश की। लेकिन थानाध्यक्ष ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद अधिवक्ता सीओ पवन कुमार के आवास पर शिकायत लेकर पहुंचे। बार सचिव चौधरी अवनीश कुमार का कहना है कि सीओ ने भी उन लोगों के साथ अभद्रता की। सूचना पर बार एसोसिएशन को दोनों गुट के अधिवक्ता सीओ कार्यालय पहुंच गए। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्राधिकारी गढ़ को कार्यालय में बुलाकर वार्ता की मांग की गई, लेकिन सीओ अपने कार्यालय में नहीं पहुंचे। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को बार एसोसिएशन की बैठक होगी। जिसके बाद एक प्रतिनिधि मंडल सीओ से मिलेगा। यदि सीओ वार्ता करने के लिए तैयार नहीं हुए तो फिर हापुड़ जाकर एसपी से शिकायत की जाएगी। अधिवक्ताओं के साथ अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके सुकेंद्र ठाकुर, चौधरी अमरपाल, सुहैल आलम, हेमंत गौड़, नरेश गिल, विकास भारद्वाज, रोहताश ठाकुर, मनोज कश्यप, वीरेंद्र चौहान, नरेश दत्त त्यागी, हरिशंकर राणा समेत अन्य अधिवक्ता शामिल रहे। संवाद
कोट -
गांव कनौर में अधिवक्ता व दूसरे पक्ष के बीच हुई मारपीट की सूचना पर दोनों पक्षों को गिरफ्तार किया गया था। जिन्हें मंगलवार की सुबह थाने से ही जमानत दे दी गई है। अभद्रता करने का आरोप पूरी तरह निराधार है। - राजीव कुमार बालियान, एसओ बहादुरगढ़
- अधिवक्ताओं से अभद्रता का आरोप पूरी तरह निराधार हैं, यदि कोई भी समस्या है तो वार्ता के जरिये सुलझाई जा सकती है। पवन कुमार, सीओ गढ़