छिजारसी टोल पर जाम से नहीं मिल रही निजात, फास्टैग लेन मे लगी लंबी लाइन
पिलखुवा। छिजारसी टोल पर भारी शुल्क वसूलने के बावजूद भी वाहन चालकों को जाम की समस्या से निजात नहीं मिल पा रही हैं। रविवार की रात टोल के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। कैश लेन के अलावा फास्टैग लेन में भी जाम लगा रहा। वाहनों को टोल पार करने में लगभग 30 से 40 मिनट का समय लग रहा था।
नेशनल हाईवे स्थित छिजारसी टोल पर वाहन चालकों की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। आए दिन लगने वाले जाम से तो राहत मिल ही नहीं रही है वहीं टोल कर्मियों की गुंडई भी लगातार बढ़ती जा रही है। रविवार रात टोल पर जाम ने वाहन चालकों को परेशान कर दिया। कैश लेन के अलावा फास्टैग लेन में भी वाहनों की लंबी लाइन लग गई। फास्टैग स्कैन करने में देरी के चलते यह समस्या बनी। इस दौरान टोल कर्मियों से वाहन चालकों की काफी नोकझोंक भी हुई। लेकिन व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ। वाहन चालकों को टोल पार करने में 30 से 40 मिनट का समय लग रहा था।
छिजारसी टोल प्लाजा के प्रबंधक शेषनाथ का कहना है कि शनिवार और रविवार को हाईवे पर वाहनों का अधिक लोड रहने के कारण जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती हैं। टोलकर्मी भागदोड़ कर शीघ्र ही जाम को खुलवा देते हैं।