दो दिन पहले गायब महिला का मिला शव
पिलखुवा। दो दिन से लापता महिला का शव बुधवार की सुबह सिखैडा गांव के जंगल में मिलने पर हड़कंप मच गया। मृतका के गले पर निशान मिले हैं, जिसके चलते परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव खैरपुर खैराबाद निवासी 55 वर्षीय महिला विमलेश जंगल में पशुओं को चराने का काम करती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि विमलेश ने शादी नहीं की थी। वह पिलखुवा सिखैडा मार्ग पर गोशाला के पास हाजी जाहिद के यहां रहकर पशुओं का चराने का काम करती थी। रोजाना की तरह गत सोमवार को भी वह पशुओं का चराने के लिए जंगल गई थी। लेकिन शाम को वह वापस घर नहीं लौटी। मंगलवार को महिला के रिश्ते में भाई ईश्वर ने थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। बुधवार की सुबह सिखैड़ा के जंगल में महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार सिंह ने मौैके पर पहुंचकर जांच की। परिजनों व ग्रामीणों ने महिला के हत्या की आशंका जताई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद महिला की मौत के सही कारणों का पता चलेगा। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की मौत किसी जहरीले जानवर के काटने के कारण प्रतीत हो रही हैं। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।