तापमान बढ़ते ही बिजली का खेल शुरू, लोग परेशान
पिलखुवा। मौसम में हल्की सी गर्माहट आते ही बिजली ने अपना खेल दिखाना शुरू कर दिया हैं। नगर के विभिन्न इलाकों में सुबह से समय तीन से चार घंटा बिजली आपूर्ति ठप रहती हैं। बिजली अधिकारी इसे लेकर फाल्ट बताकर अपना पल्ला झाड़ लेते हैं।
बिजली अधिकारियों ने गर्मी में बेहतर आपूर्ति देने का दावा किया था। बिजली विभाग के अधिकारियों की माने तो शहर में 20 से 22 घंटा बिजली आपूर्ति देने का शासन का आदेश हैं, लेकिन अभी गर्मी ठीक से शुरू भी नहीं हुई है और कई कई घंटा बिजली की आपूर्ति ठप रहती हैं। नगर के रजनी बिहार, सर्वोदय नगर, चंडी मंदिर समेत कई मोहल्लों में बिजली कई घंटो ठप रही। रजनी बिहार जयप्रकाश तोमर ने बताया कि बिजली गुल होने के चलते लोग परेशान हैं। पिछले एक सप्ताह में रात को कई-कई घंटा बिजली नहीं आती है। इसी कॉलोनी निवासी सुभाष ने बताया कि बिजली नहीं आने की सूचना अधिकारियों को बताने के लिए कई बार फोन करते है, लेकिन कंट्रोल रूम का फोन ही रिसीव नहीं किया जाता है। लोगों का कहना है कि अभी बिजली का यह हाल है तो गर्मियों में क्या होगा।
पिलखुवा डिवीजन के अधिशासी अभियंता प्रमोद कुमार का कहना है कि इस समय नगर समेत ग्रामीणों इलाकों में भी भरपूर बिजली दी जा रही है, हो सकता है कि लोकल फाल्ट के कारण कुछ देर के लिए बिजली आपूर्ति ठप हो गई हो। बताया कि तकनीशियनों को आदेश दे रखा है कि फाल्ट होने पर उसे तत्काल ठीक कराया जाए।