पुलिस ने लूट का किया खुलासा, एक बदमाश गिरफ्तार
पिलखुवा। सवा माह पूर्व बदमाशों द्वारा परिवार को बंधक बना लाखों की लूट के मामले में पुलिस ने बीतीरात एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसके तीन साथी मौका पाकर फरार हो गए। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाश से तमंचा एवं ढाई हजार की नकदी बरामद की।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक महावीर सिंह चौहान ने बताया कि गत 20 नवंबर की रात को बदमाशों ने गांव हिम्मतनगर निवासी एजाज के परिवार को गन पाइंट पर लेकर बंधक बना लिया और 20 हजार रुपये की नकदी और आभूषण लूटकर ले गए थे। पुलिस विवेचना में शाहरूख, आरिफ , मोबीन और राशिद के नाम प्रकाश में आए थे। पुलिस तभी से चारो आरोपियों की तलाश में जुटी थी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की रात पुलिस टीम गश्त कर रही थी, तभी उन्हें सूचना मिली कि दहपा रोड़ पर निर्माणाधीन मन्दिर के सामने कब्रिस्तान के पास चार बदमाश किसी लूट की वारदात को अंजाम देने की फि राक में बैठे हैं। पुलिस टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान की घेराबंदी कर मौके से हिम्मतनगर निवासी शाहरूख को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसके तीन साथी पुलिस को चकमा देकर मौके से फ रार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाश के पास के तमंचा, कारतूस एवं लूटी गई धनराशि में से ढाई हजार की नकदी बरामद की हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार बदमाश को जेल भेजा दिया गया जबकि उसके फ रार तीनों साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।