संदिग्ध परिस्थिति में फंदे से लटका मिला महिला का शव
पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सर्वोदय नगर में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला का शव फंदे से लटका मिला। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंचे सीओ और कोतवाली प्रभारी ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टर्माटम के लिए भेज दिया।
गौतमबद्ध नगर की कोतवाली दनकौर के गांव लीलोनी मिर्जापुर निवासी 27 वर्षीय मीनू उर्फ मिथलेश पुत्री राजन की शादी 10 वर्ष पहले पिलखुवा निवासी बिरजू से हुई थी। मीनू और बिरजू दोनों दिव्यांग भी है। जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात मीनू और बिरजू घर के आंगन में सही सलामत सोए थे। तड़के करीब 4 बजे बिरजू की आंख खुली तो मीनू वहां नहीं थी। कमरे में जाकर देखा तो उसका शव फंदे से लटका हुआ था। शोर मचाने पर घर के लोग जाग गए और उन्होंने मीनू के शव को नीचे उतारा। वहीं मीनू की मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष के सैकड़ों लोग ससुराल पहुंच गए। उन्होंने ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। हंगामा की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मायके पक्ष के लोगों को काफी समझाया लेकिन वो कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। कुछ देर बाद सीओ संतोष कुमार मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी योगेश बालियान का कहना है कि इस संबंध में उनके पास कोई तहरीर नही आई हैं। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने पर उचित कार्यवाई की जाएगी।