नशीला पदार्थ पिलाकर महिला से किया दुष्कर्म
हापुड़। शादी का झांसा देने के बाद कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर एक युवक ने अपने मामा के साथ मिलकर महिला के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
गाजियाबाद के थाना लोनी क्षेत्र निवासी एक महिला ने बताया कि उसका पति पिछले पांच वर्ष से लापता है। कुछ दिन पहले पीड़िता थाना खरखौदा क्षेत्र के गांव में अपनी भांजी के घर एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने गई थी। इस दौरान पीड़िता की मुलाकात गांव निवासी कुलजीत से हुई।
किसी तरह झांसे में लेकर आरोपी ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया और बात करनी शुरू कर दी। पीड़िता से शादी की बात कहकर अपने झांसे में ले लिया। एक दिन आरोपी पीड़िता को बहला फुसलाकर थाना देहात क्षेत्र के गांव असौड़ा निवासी अपने मामा अंकित के घर ले गया। दोनों ने मिलकर पीड़िता को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाकर बेहोश कर दिया। जिसके बाद दोनों ने मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान उसकी आपत्तिजनक वीडियो तैयार कर ली। पुलिस से शिकायत करने पर दोनों ने पीड़िता की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। किसी तरह पीड़िता ने परिजन को मामले से अवगत कराया। पीड़िता के साथ थाने पहुंचे परिजन ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थाना देहात प्रभारी निरीक्षक रविंद्र राठी ने बताया तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।