पांच जुलाई से फिर शुरू होगा राज्यरानी एक्सप्रेस का संचालन
हापुड़। राज्यरानी एक्सप्रेस का संचालन पांच जुलाई से एक बार फिर शुरू हो सकता है। यह ट्रेन पिछले करीब तीन माह से रद्द चल रही है। ट्रेन का फिर से संचालन होने से लखनऊ तक जाने वाले यात्रियों को राहत मिल सकेगी। यात्री पिछले दो माह से इस ट्रेन का संचालन शुरू कराने की मांग कर रहे हैं।
गर्मी में बिजली की खपत बढ़ गई है। बिजली का उत्पादन लगातार होने लगे इसकी जिम्मेदारी रेलवे ने उठाई है। इसके लिए रेलवे कोयले की मालगाड़ियों का प्राथमिकता के आधार पर संचालन करा रहा है। मालगाड़ियों के संचालन में किसी बात की रुकावट न हो इसलिए रेलवे ने कुछ ट्रेनों के संचालन को पिछले तीन माह से रद्द किया हुआ है। इन ट्रेनों में से मेरठ वाया हापुड़ से लखनऊ तक जाने वाली राज्यरानी एक्सप्रेस भी शामिल है।
रेलवे द्वारा इस ट्रेन का फिर से संचालन कराने के लिए चार बार घोषणा की जा चुकी है। लेकिन, घोषणा होने के बाद भी इस ट्रेन का अभी तक संचालन नहीं हो सका है। इस ट्रेन का संचालन रद्द चलने से प्रतिदिन मेरठ, मुरादाबाद, बरेली और लखनऊ तक सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। अब रेलवे ने पांच जुलाई से इस ट्रेन का संचालन कराने की घोषणा की है। यदि इस ट्रेन का फिर से संचालन शुरू हो जाता है तो यात्रियों को बेहद राहत मिल सकेगी। स्टेशन अधीक्षक अजब सिंह का कहना है कि पांच जुलाई से राज्यरानी के संचालन की रेलवे प्रशासन ने घोषणा की है। यदि सब सही रहा तो फिर से इस ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा।