राहत - आज से शुरू होगा ट्रेनों का संचालन
हापुड़। अग्निपथ योजना के विरोध में चल रहे प्रदर्शन के कारण रद्द चल रहीं ट्रेनों का बृहस्पतिवार (आज) से संचालन शुरू हो जाएगा। ट्रेनों का संचालन होने से पिछले एक सप्ताह से परेशान यात्रियों को बेहद राहत मिलेगी। बुधवार को एक एक्सप्रेस को छोड़कर सभी ट्रेने निर्धारित समय पर रेलवे स्टेशन पहुंचीं।
अग्निपथ योजना के प्रति युवाओं के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने बिहार समेत पूर्वांचल जाने वाली कई ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया था। ऐसे में हापुड़ ठहरने वाली कम से कम चार ट्रेनें पिछले पांच दिनों से रद्द चल रही थीं। जबकि सोमवार को भारत बंद के आह्वान के दौरान रेलवे स्टेशन पर ठहरने वाली तीन पैसेंजर ट्रेनों समेत कुल आठ ट्रेनों को रद्द किया गया था। जिसके कारण दैनिक यात्रियों के साथ-साथ अन्य यात्रियों को बेहद परेशानी हुई थी।
लेकिन, बुधवार को केवल अवध-असम एक्सप्रेस ट्रेन ही रद्द रही। अवध-असम एक्सप्रेस को रेलवे प्रशासन ने बुधवार तक के लिए रद्द किया हुआ था। लेकिन, बृहस्पतिवार से इस ट्रेन का भी संचालन शुरू हो जाएगा।
स्टेशन अधीक्षक अजब सिंह ने बताया कि बुधवार को सभी ट्रेनें अपने निर्धारित समय से रेलवे स्टेशन पर पहुंची हैं। यदि किसी ट्रेन को रेलवे प्रशासन द्वारा रद्द किया जाएगा तो इसकी सूचना यात्रियों को दी जाएगी। रेलवे स्टेशन पर भी इसको लेकर एनाउंसमेंट कराया जाएगा।