हापुड़ ः मृतक एजाज। (धौलाना विस्फोट मामला)
- फोटो : HAPUR
धौलाना विस्फोट में एक और मजदूर ने दम तोड़ा, 17 पहुंची संख्या
हापुड़। धौलाना औद्योगिक क्षेत्र स्थित अवैध पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट मामले में सोमवार को एक और मजदूर जिंदगी से जंग हार गया। बिहार राज्य के गांव भोनेका जिला किशनगंज निवासी 27 वर्षीय एजाज ने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। अब तक हादसे में 17 लोगों की मौत हो चुकी है।
चार जून को यूपीएसआईडीसी इलाके में अवैध रूप से पटाखा बनाने वाली फैक्टरी में विस्फोट में 12 लोगों की मौत हो गई थी। फैक्टरी इलेक्ट्रानिक्स उपकरण बनाने के नाम पर आवंटित थी। जबकि इसमें अवैध रूप से पटाखे बनाने का कार्य किया जा रहा था। हादसे के दौरान यहां काम करने वाले 32 मजदूर झुलस गए थे। इसके अलावा फैक्टरी का संचालक वसीम भी मामूली रूप से झुलस गया था, लेकिन वह फरार होने में कामयाब हो गया था। हालांकि बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। एडीएम श्रद्धा शांडिल्यायन ने बताया कि झुलसे हुए एजाज ने 10 दिन उपचार के बाद सोमवार को दम तोड़ दिया। शव को उसके घर भिजवा दिया गया है।
दो महीने पहले ही काम करने आया था एजाज -
एजाज के बड़े भाई चांद आलम ने बताया कि उसका भाई दो महीने पहले ही काम के लिए बिहार से यहां आया था। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। एजाज चार भाई बहनों में छोटा था और अविवाहित था। एजाज की मौत से परिवार पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के दो दिन पहले ही उससे परिजनों की बात हुई थी तो उसने बताया था कि वह एक खिलौना फैक्टरी में काम करता है।
फैक्टरी किराये पर दिलाने वाले बिचौलियों की तलाश
पुलिस को पूछताछ में खुलासा हुआ है कि औद्योगिक क्षेत्र में अवैध धंधों के लिए फैक्टरियों को किराये पर दिलाने के लिए कुछ लोग सक्रिय हैं। ये लोग बंद पड़ी फैक्टरियों की सूची अपने पास रखते हैं और दूसरे धंधे करने वालों को कमीशन लेकर इन फैक्टरी मालिकों से सेटिंग कराते हैं। पुलिस अब ऐसे लोगों की तलाश में जुटी है।