निगम कर्मियों से भिड़े उपभोक्ता, जमकर हुई मारपीट
हापुड़। पटना मुरादपुर बिजलीघर पर रातभर से बिजली न आने की शिकायत दर्ज कराने आए लोगों की निगम कर्मियों के साथ कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसका वीडियो भी वायरल हो गया, अवर अभियंता ने इस मामले में थाने में तहरीर दी। हालांकि शाम के समय मारपीट करने वाले बिजलीघर आए और मांफी मांगी। इस पर जेई ने तहरीर वापस ले ली।
शुक्रवार रात में तेज आंधी के कारण विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। कोटला सादात निवासी राहुल गढ़ रोड पर पटना मुरादपुर बिजलीघर वाले रास्ते के पास ही किराए पर रहता है। आपूर्ति बहाल नहीं होने पर महिलाओं समेत करीब छह लोग बिजलीघर पहुंचे।
वहां, अवर अभियंता से शिकायत की, अवर अभियंता मौर्या ने आंधी के कारण समस्या होना बताया और जल्द आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया। इस पर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। बिजलीघर में संविदा पर तैनात कर्मचारियों की इन लोगों से कहासुनी हो गई, कुछ ही देर में मारपीट होने लगी। बिजलीघर परिसर में ही लात घूंसे चलने से भीड़ इकट्ठा हो गई। जेई ने किसी तरह लोगों को समझाया। मारपीट का वीडियो भी वायरल हो गया।
अवर अभियंता ने इस मामले में थाने में तहरीर दी। पुलिस द्वारा कार्रवाई शुरू की गई, इसी बीच शाम को मारपीट करने वाले बिजलीघर पहुंचे और माफी मांगी। जिसके बाद अवर अभियंता ने पुलिस में दी तहरीर वापस ले ली।
अधिशासी अभियंता मनोज कुमार ने बताया कि आंधी के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई है। जिसे बहाल करा दिया गया है, इस तरह बिजलीघर में आकर मारपीट करना गलत है।