मिनी ट्रक बना आग का गोला, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
हापुड़। मोदीनगर से नर्सरी में पौधे छोड़ने के बाद सवारियां भरकर हापुड़ लौट रहे एक मिनी ट्रक में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे मोदीनगर रोड पर एसबीएम स्कूल के बाहर आग लग गई। महिला यात्रियों ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई। सड़क के बीच वाहन धूं-धूंकर जलने लगा, फायर बिग्रेड कर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एक घंटे तक सड़क पर जाम लगा रहा।
शाहजहांपुर निवासी मदन नर्सरी के पौधों के ट्रांसपोर्ट का काम करता है। शनिवार को मदन पौध लेकर मोदीनगर गया था, वापसी में उसने कुछ महिला यात्रियों को भी मिनी ट्रक में बैठा लिया। सीएनजी चलित ट्रक में कोतवाली हापुड़ क्षेत्र के एसबीएम स्कूल के पास पहुंचते ही धुआं निकलने लगा।
चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रक को एसबीएम स्कूल के सामने रोक दिया और यात्रियों से कूद जाने को कहा। इसी दौरान वाहन आग का गोला बन गया। घटनास्थल के करीब तीन स्कूल मौजूद हैं, उनकी छुट्टी के दौरान ही यह हादसा हुआ। गनीमत रही कि किसी तरह की जानमाल की क्षति नहीं हुई। घटना की सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची, कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया।
सीएनजी टैंक में धमाके की थी आशंका
हादसे के बाद वाहन पर पानी की बौछार मारकर आग पर काबू पा लिया गया लेकिन सीएनजी टैंक में धमाके की आशंका मानते हुए आधा घंटा तक वाहन को सड़क से नहीं हटाया गया। जिसके चलते वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने मोदीनगर की ओर से आने वाले वाहनों को रामलीला मैदान होते हुए दिल्ली रोड पर निकाला। जाम में फंसकर वाहन चालकों को परेशानी हुई, बसों में सवार छात्र भी जाम खुलने का इंतजार करते रहे।
आग लगने के कारणों का नहीं चला पता
सीओ एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि वाहन में आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल सका है। वाहन को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू करा दिया गया है।