ग्राम समाज की जमीन बताकर खेल के मैदान की कराई चहारदीवारी
हापुड़। मुजफ्फरा बागड़पुर स्थित श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज के बाहर खेल के मैदान को कोटा हरनाथपुर ग्राम सभा ने अपना बताकर चहारदीवारी शुरू करा दी है। इसके विरोध में विद्यालय प्रबंध समिति ने डीएम कार्यालय में साक्ष्य प्रस्तुत कर निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग की।
विद्यालय प्रबंध समिति के प्रबंधक सुभाष चंद्र अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 1965 में कोटा हरनाथपुर ग्राम सभा द्वारा विद्यालय को खाता नंबर 561 और 538 से चार एकड़ भूमि क्रीड़ा स्थल हेतु दी गई थी। जिस पर छात्रों को खेलों का अभ्यास कराया जाता है। इसके अलावा पीटी, स्काउट/गाइड, योगा और भूगोल प्रयोगात्मक कार्यक्रम भी यहीं कराए जाते हैं।
विद्यालय के करीब 800 छात्रों के अलावा गांवों के युवा भी यहां पुलिस, सेना की भर्ती की तैयारी भी करते हैं। लेकिन कोटा हरनाथपुर ग्राम सभा ने इस भूमि पर कब्जा कर खेल मैदान की चहारदीवारी करानी प्रारंभ कर दी है। इससे विद्यालय का रास्ता लगभग बंद ही हो जाएगा। निर्माण सामग्री तक अंदर नहीं जा सकेगी।
उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षा के प्रश्न पत्र व कॉपियां लेकर कोई भी वाहन अंदर नहीं जा सकेगा। जिससे उनकी गोपनीयता भंग होने का अंदेशा भी बना रहेगा। प्रबंध समिति ने इस मामले में डीएम से शिकायत कर, निर्माण कार्य को छात्र हित में तत्काल रुकवाने की मांग उठाई। इससे संबंधित दस्तावेज भी सौंपे गए।