थाने से छूटे युवक ने की आत्महत्या, परिजनों ने किया हंगामा
हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव सिमरौली निवासी संजीव (45) ने मंगलवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने तीन दिन पहले पुलिस द्वारा हिरासत में लेकर प्रताड़ित करने के कारण आत्महत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस को शव पोस्टमार्टम के लिए नहीं ले जाने दिया गया। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन देते हुए लोगों को शांत कराया।
गांव सिमरौली निवासी राकेश ने बताया कि तीन दिन पहले उसके पुत्र संजीव (45) को पुलिस लेनदेन के एक मामले में घर से उठाकर थाने ले गई थी। पुलिस का कहना था कि संजीव ने गांव भिम्यारी निवासी वृद्ध महिला सरबती से 2.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है।
परिजनों का आरोप है कि थाने में तैनात एक दारोगा व अन्य पुलिसकर्मियों ने संजीव को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। थाने में संजीव ने 30 अप्रैल को वृद्धा को 50 हजार रुपये लौटाने का आश्वासन दिया था। इस संबंध में उसने लिखित समझौता पुलिस को दिया था। इसके बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया था। आरोप है कि पुलिस की मारपीट से संजीव बेहद आहत हुआ और उसने मंगलवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
गुस्साए परिजनों का आरोप था कि पुलिस ने मामले में संजीव के खिलाफ मुकदमा दर्ज क्यों नहीं किया। उसने ठगी की थी तो उसके खिलाफ ठगी का मुकदमा दर्ज किया था। सीओ एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि मामले में जांच कराई जाएगी, जो भी पुलिसकर्मी जांच में दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।