सस्ता लोन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी कर 3.22 लाख रुपये हड़पे
हापुड़। सस्ती दर पर 50 लाख रुपये का बैंक लोन दिलाने का झांसा देकर नगर के मोहल्ला आवास विकास निवासी दीपक से कुछ लोगों ने 3.22 लाख रुपये ऐंठ लिए। रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने हत्या की धमकी दी। पीड़ित ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दीपक ने बताया कि कुछ समय पहले उसके मोबाइल पर एक फोन काल आया। फोन करने वाले ने उन्हें सस्ती दरों पर 50 लाख रुपये का ऋण देने का झांसा दिया। व्यक्ति की बातों पर विश्वास करके वह 50 लाख रुपये का बैंक ऋण लेने के लिए तैयार हो गया। इसके बाद उसने उसे थाना देहात के जरोठी रोड पर स्थित एक फाइनेंस कंपनी के आफिस में बातचीत के लिए बुलाया।
आफिस पर कार्यरत पिलखुवा के छिजारसी निवासी आलोक शर्मा, सिंभावली के कुराना बंगौली निवासी अनुज चौधरी और एक युवती कोमल ने लोन दिलाने के नाम पर उससे 3.22 लाख रुपये ठग लिए। काफी दिनों के बाद भी जब बैंक से ऋण नहीं मिला तो उसने अपनी रकम वापस मांगी, जिस पर आरोपियों ने हत्या की धमकी दी। पीड़ित ने मामले में कोतवाली में तहरीर दी। सीओ एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा, इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं।