किराना व्यापारी से चार लाख लूटकर मारी गोली, व्यापारियों ने लगाया जाम
हापुड़। पिलखुवा में युवा व्यापारी की हत्या के बाद मंगलवार को हथियारबंद तीन बदमाशों ने देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला इंद्रलोक में किराना के थोक व्यापारी सुशील कुमार अग्रवाल की दुकान पर धावा बोला। तमंचों के बल पर बदमाशों ने दुकानदार और ग्राहकों को बंधक बनाते हुए गल्ले में रखे करीब चार लाख रुपये लूट लिए। शोर मचाने पर बदमाशों ने व्यापारी के पैर में गोली मार दी और हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। व्यापारियों ने मौके पर पहुंचकर जमकर नारेबाजी की। वहीं कुछ व्यापारियों ने अतरपुरा चौपला पर जाम लगा दिया। हालांकि पुलिस के समझाने के बाद आधा घंटा बाद जाम खोल दिया गया।
सुशील कुमार अग्रवाल पुत्र आनंद स्वरूप की मोहल्ला इंद्रलोक में किराना की दुकान है। उनका किराना के थोक का कारोबार है। दुकान के ऊपर ही उनका परिवार रहता है। दोपहर करीब ढाई बजे सुशील कुमार, दो कर्मचारियों और कुछ ग्राहकों के साथ दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान मास्क लगाए तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर सभी को एक कोने में बंधक बना दिया। बदमाशों ने दुकान का गल्ला खंगालकर करीब चार लाख रुपये लूट लिए।
बदमाश जैसे ही दुकान से बाहर निकलने लगे तो व्यापारी ने शोर मचा दिया। जिसके बाद पलटे बदमाशों ने व्यापारी ने फायर झोंक दिया। गोली व्यापारी के पैर में लगी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। इसके बाद बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए भगवानपुरी मोहल्ले की तरफ भाग गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों के लिए कांबिंग की, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। एसपी दीपक भूकर, एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा, सीओ एसएन वैभव पांडेय समेत तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। एकत्र हुए व्यापारियों ने रोष प्रकट करते हुए जमकर नारेबाजी की।
सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश -
दुकान के अंदर घुसे बदमाश यहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गए हैं। व्यापारी, कर्मचारियों और ग्राहकों को गन प्वाइंट पर बंधक बनाने की पूरी घटना सीसीटीवी में आने के बाद पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है।
रेकी के बाद ही दिया घटना को अंजाम
घटना के बाद बदमाश मुख्य मार्ग को छोड़कर पेचीदा रास्तों से होकर फरार हुए। घटना के बाद स्वर्ग आश्रम रोड या गढ़ रोड की ओर फरार हो सकते थे, लेकिन बदमाश पीछे भगवानपुरी के रास्ते से होते हुए निकले। जबकि यह रास्ता अधिक पेचीदा और मोड़ वाला था। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उन्हें रास्तों का पूरा ज्ञान था, उन्हें इस बात की भी जानकारी थी कि इस समय व्यापारी के पास कैश भी है।
लूट की रकम को लेकर बनी रही अनिश्चितता
लूट की रकम को लेकर व्यापारियों में अनिश्चितता बनी रही। हालांकि शुरूआत में लूट करीब सात लाख रुपये की बताई जा रही थी। लेकिन व्यापारी के पिता ने चार लाख लूट की तहरीर थाने में दी। जिसके बाद अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा लिखा गया।
व्यापारियों का फूटा गुस्सा
घटना को लेकर व्यापारियों में जबरदस्त रोष व्याप्त रहा। मौके पर मौजूद व्यापारी नेता ललित कुमार छावनी वाले, प्रमोद कुमार गुप्ता, टुक्कीराम गर्ग, राजीव गर्ग, अमन गुप्ता, सुमित कंसल ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिलेे के अधिकतर व्यापारिक संगठनों ने बृहस्पतिवार को बाजार बंद करने का ऐलान किया है। जबकि कुछ व्यापारी यहां से एकत्र होकर अतरपुरा चौपला पर पहुंच गए और यहां जाम लगा दिया। सूचना पर एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा और सीओ एसएन वैभव पांडेय मौके पर पहुंचे और व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया। व्यापारियों ने 24 घंटे में लूट के खुलासा का अल्टीमेटम दिया है। करीब आधा घंटे बाद जाम खोल दिया गया।
लापरवाही पर दोयमी चौकी प्रभारी निलंबित
घटना के दौरान लापरवाही बरतने पर दोयमी चौकी प्रभारी अनिल कुमार की लापरवाही सामने आई है। जिसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा घटना के खुलासे के लिए चार टीमों को लगाया गया है। सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए बदमाशों की तलाश की जा रही है, जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।-दीपक भूकर, एसपी, हापुड़।
मंगलवार को इंद्रलोक कालोनी में व्यापारी के साथ लूट होने के बाद भीम नगर चौकी इंचार्ज का घेराव करते- फोटो : HAPUR
मंगलवार को इंद्रलोक कालोनी में लूट होने के बाद खाली गल्ले को दिखाते घायल सुशील का पिता । संवाद- फोटो : HAPUR
मंगलवार को इंद्रलोक कालोनी में लूट होने के बाद दुकान में रोती घायल व्यापारी सुशील की पत्नी । संव?- फोटो : HAPUR
इंद्रलोक कालोनी में व्यापारी को गोली मारकर लूट होने के विरोध में पक्का बाग चौराहे पर जाम लगाते सम- फोटो : HAPUR
इंद्रलोक कालोनी में व्यापारी को गोली मारकर लूट होने के विरोध में पक्का बाग चौराहे पर जाम लगाते लो- फोटो : HAPUR
मंगलवार को इंद्रलोक कालोनी में व्यापारी के साथ गोली मारकर लूट होने के बाद पुलिस के प्रति व्यापार?- फोटो : HAPUR
हापुड़। सीसीटीवी में कैद इंद्रलोक कॉलोनी में लूट करने वाले बदमाश । संवाद- फोटो : HAPUR
पक्का बाग चौराहे पर लोगो को समझाते व्यापारी नेता ललित कुमार छावनी वाले । संवाद- फोटो : HAPUR
इंद्रलोक में लूट की घटना को अंजाम देने से पहले दुकान के बाहर रेकी करते बदमाश- फोटो : HAPUR