व्यापारी पिता पुत्र पर हमले के बाद जांच करते एएसपी
- फोटो : HAPUR
बदमाशों ने किराना व्यापारी के पुत्र के सिर में मारी गोली
पिलखुवा(हापुड़)। हाईवे किनारे स्थित किराना के थोक व्यापारी के प्रतिष्ठान पर बाइक सवार हथियारबंद तीन बदमाशों ने लूट का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने व्यापारी के पुत्र के सिर में गोली मार दी। जबकि व्यापारी के सीने और हाथ में चाकू से वार कर घायल कर दिया। मौके पर जुटे लोगों से बदमाशों के हौसले पस्त हो गए और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायलों को गंभीर हालत में गाजियाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पिलखुवा में हाईवे पर खेड़ा गेट के सामने राजीव का मकान है, मकान के नीचे ही उनका थोक किराने का कारोबार है। शुक्रवार रात करीब पौने नौ बजे राजीव अपने बेटे प्रिंस के साथ दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे। तभी एक बाइक पर सवार होकर आए तीन हथियारबंद बदमाश दुकान में घुस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने दुकान में पहुंचते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली प्रिंस के सिर में लगी है, जबकि उसके पिता पर एक बदमाश ने चाकू से हमला कर दिया। राजीव के सीने और हाथ में चाकू लगा है। बदमाशों ने लूट का प्रयास किया, लेकिन लोगों के जुटने के कारण विफल हो गए और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
सरेशाम इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में गाजियाबाद रेफर किया गया है। एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत स्थिर बनी हुई है। किसी प्रकार की लूट नहीं हुई है। खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया है। आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं, जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।
व्यापारी पिता पुत्र पर हमले के बाद मौके पर मौजूद पुलिसबल- फोटो : HAPUR