कोरोना से दो सगे भाईयों की मौत पर नहीं मिला मुआवजा
हापुड़। कोरोना महामारी की दूसरी लहर में संक्रमण की चपेट में आकर गांव श्यामनगर निवासी देवराज त्यागी के दोनों जवान बेटों की मौत हो गई थी, छह महीने पहले आवेदन के बावजूद योजना का लाभ नहीं मिला। इसके विरोध में भाकियू भानु के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की।
भाकियू के नगर अध्यक्ष राजवीर भाटी व राधेलाल त्यागी ने बताया कि जवान बेटों की मौत से अब घर में कोई भी कमाने वाला नहीं है। मां बाप बूढे़ है उनकी भी दवाई चल रही है, छोटे-छोटे बच्चे हैं। सरकार द्वारा पारिवारिक लाभ हेतु योजना चलाई हुई है जिसके लिए लगभग 6 महीने पहले आवेदन किया था।
लेखपाल क़ानूनगो द्वारा भी रिपोर्ट दी जा चुकी हैं लेकिन एसडीएम कार्यालय से उसे आगे नहीं भेजा जा रहा। इसके विरोध में भाकियू कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन देकर, पीड़ित को योजना का जल्द लाभ दिलाने की मांग उठाई। राहत नहीं मिलने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी। ज्ञापन देने वालों में प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र गुर्जर, सियानंद त्यागी, महेन्द्र त्यागी, सर्वेश त्यागी, अमरेश त्यागी, ओमप्रकाश त्यागी उपस्थित रहे।