रजवाहा की पटरी में हुए रिसाव से 20 एकड़ फसल बर्बाद
धौलाना। रजवाहे मे जंगली जानवरों द्वारा खोदी गई पटरी में हुए रिसाव के चलते हसनपुर गांव में गेहूं व सरसों की 20 एकड़ फसल पानी में डूब गई। पटरी टूटने की जानकारी मिलने पर किसानों ने रजवाहे की पटरी रोकने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के चलते बेकाबू रजवाहे की पटरी पूरी तरह से ध्वस्त हो गई। किसानों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को पटरी कट जाने की सूचना दी। लेकिन घंटों बाद भी किसी अधिकारी ने मौके पर पहुंचना उचित नहीं समझा। ग्राम प्रधान चौधरी राजपाल सिंह ने तहसीलदार प्रवीण कुमार को किसानों की पीड़ा से अवगत कराया।
तहसीलदार प्रवीण कुमार ने संबंधित लेखपाल को पीड़ित किसानों की सूची बनाने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि रजवाहा की पटरी टूटने की सूचना मिली तो किसान मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते तेज बहाव के चलते रजवाहे की पटरी कटती ही। तेज हाव के चलते 20 एकड़ गेहूं व सरसों की फसल पानी में डूब गई। किसानों का कहना है कि तहसीलदार के हस्तक्षेप के बाद जिलेदार ने रजवाहा के कटाव को बंद कराने का प्रयास किया। ग्रामीणों के मुताबिक, रजवाहा में क्षमता से ज्यादा पानी छोड़े जाने पटरी टूट गई।
तहसीलदार प्रवीण कुमार ने बताया कि उन्हें रजवाहे की पटरी टूटने की सूचना मिली है। रजवाहा की पटरी टूटने से किसानों की फसल तबाह हो गई। इस संबंध में लेखपाल ब्रह्मानंद शर्मा को आदेश दिया गया। जिनकी फसलें बर्बाद हुई है, इसकी दो दिन में लेखपाल सूची सौंपें।
किसानों का कहना है कि सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने सूचना मिलने के बाद भी समय पर मौके पर पहुंचना उचित नहीं समझा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में एसडीएम धौलाना सुनीता सिंह को अवगत कराया जा चुका है।
इन किसानों की डूबी फसल
लेखपाल ब्रह्मानंद शर्मा ने बताया की ग्राम निवासी करतार, कुलदीप, सुनील, सतीश, मुकेश, राकेश, महेश, राम निवास, अशोक, राजीव, शालिनी त्यागी, श्रीनिवास, देवेंद्र, ज्ञानेंद्र, योगेंद्र, इंद्रेश, सुरेंद्र, राजेश, राजपाल सिंह, सरवन सिंह, लोकेंद्र सिंह, जय प्रकाश, हरेंद्र, जयपाल, रामकृपाल, राज कुमार, राकेश, बृजेश, अनिल, जतन, जयवीर, जगबीर आदि किसानों की करीब 20 एकड़ फसल पूरी तरह से पानी में डूब गई है। सिंचाई विभाग के जिलेदार के माध्यम से रजवाहा की पटरी बनवा दी गई है।