सपा कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज होने के विरोध में हंगामा
हापुड़। मतगणना से पहले एसडीएम की गाड़ी रोककर चेकिंग करने के मामले में 36 सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज होने से नाराज सपाइयों ने पार्टी जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कलक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन किया। डीएम को ज्ञापन सौंपकर सरकारी कार्य में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न करने की सफाई दी। साथ ही मुकदमे वापस नहीं लिए जाने पर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने का भी एलान किया।
जिलाध्यक्ष देवेंद्र जाखड़ ने कहा कि सपा कार्यकर्ताओं ने निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं पारदर्शी मतगणना कराने में सहयोग करने व लोकतंत्र में जनता का विश्वास स्थापित करने के लिए मतगणना स्थल के पास ईवीएम की देखरेख व निरीक्षण का कार्य नियमों का पालन करके ही किया था।
जिला प्रशासन या पुलिस के किसी अधिकारी का न तो अपमान किया और न ही सरकारी कार्य में बाधा डाली। एसडीएम की गाड़ी चेक करने के आरोप में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर दिए गए हैं, भाजपा के सत्ता में आते ही कार्यकर्ताओं का शोषण शुरू कर दिया गया है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सपा नेता ललित सिंह ने कहा कि जिस दिन की यह घटना बतायी जा रही है वह प्रेसवार्ता में उपस्थित थे, इसका साक्ष्य उनके पास है, फिर भी मेरे नाम से ही मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। डीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्यकर्ताओं ने जल्द मुकदमे वापस नहीं लिए जाने पर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने का एलान किया है।
इस मौके पर पूर्व विधायक गजराज सिंह, रविंद्र चौधरी, गौरव प्रताप, फकीरा चौधरी, नाजिम सैफी, अलका निम, मुन्नी यादव, याद इलाही कुरैशी, रविंद्र यादव आदि मौजूद रहे।