लीकेज गैस सिलिंडर में लगी आग, नकदी व हजारों का सामान राख
हापुड़। कोतवाली थाना क्षेत्र के मेरठ रोड सर्वोदय कॉलोनी में लीकेज गैस सिलिंडर में लगी भीषण आग से हजारों का सामान व 30 हजार की नकदी जलकर राख हो गई। फायर बिग्रेड ने फोन तक नहीं उठाया। स्थानीय लोगों व पुलिस कर्मियों ने करीब आधे घंटे मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना से मोहल्ले में अफरा तफरी मच गई।
सर्वोदय कॉलोनी निवासी अनिल त्यागी ने बताया कि गैस सिलिंडर खत्म होने पर एजेंसी से मिले दूसरे सिलिंडर को रसोई में लगाया गया। आरोप है कि सिलिंडर में रिंग नहीं थी, जिसके चलते तेजी से गैस रिसने लगी, इस दौरान सिलिंडर ने आग पकड़ ली। परिजन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही पूरी रसाई लपटों से घिर गई।
अनिल त्यागी ने बताया कि उनकी पत्नी ने करीब 30 हजार की नकदी भी रसोई में ही एक डिब्बे में रखी हुई थी, आग इतनी भीषण थी कि पैसे भी नहीं बचाए जा सके। आरोप है कि अग्निशमन विभाग को फोन किया। लेकिन कॉल रिसिव तक नहीं हुई। आस पास के लोगों ने किसी तरह सिलिंडर को रसोई से बाहर निकाला। इस दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, पानी की बौछार, बोरी, कपड़ा डालकर किसी तरह आग पर काबू पाया गया। इस मामले में पीड़ित ने गैस कंपनी के खिलाफ शिकायत करने की भी बात कही है।