मेडिकल स्टोर संचालक से चेन व नकदी लूटी
हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला भीमनगर में मेडिकल स्टोर संचालक गौरव जैन से बाइक सवार तीन बदमाशों ने हथियारों के बल पर सोने की चेन व 12 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित ने शोर मचाया लेकिन बदमाश फरार हो गए। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला।
मोहल्ला पन्नापुरी निवासी गौरव जैन ने बताया कि गढ़ रोड पर उसका मेडिकल स्टोर है। सोमवार देर रात वह मेडिकल स्टोर का ताला लगाकर बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। जैसे ही वह मोहल्ला भीमनगर के पास पहुंचा तो बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया। जब तक वह कुछ समझ पाता तब तक बदमाशों ने उसकी क नपटी पर तमंचा सटा दिया। बदमाशों ने पीड़ित के गले से सोने की चेन व जेब में रखे करीब 12 हजार रुपये लूट लिए।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। इसके बाद व्यापारी ने शोर मचाया। शोर सुनकर आए कुछ स्थानीय लोगों ने बदमाशों का पीछा किया। लेकिन बदमाश फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल पर लोगों से पूछताछ की। सीओ वैभव पांडेय ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। सीसीटीवी फुटैज खंगालकर बदमाशों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही लूट का खुलासा कर दिया जाएगा।