संक्रमित युवाओं में 60 फीसदी दिल्ली-नोएडा आने जाने वाले
हापुड़। जिले में कोरोना संक्रमित मिले 265 युवाओं में 60 प्रतिशत से अधिक ऐसे हैं, जो रोजाना दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा आते जाते हैं। इनके संपर्क में आकर 20 प्रतिशत अन्य लोग भी संक्रमित हुए हैं, जबकि 15 प्रतिशत की कोई ट्रेवलिंग हिस्ट्री नहीं मिल सकी है। वहीं पांच प्रतिशत लोग बाहर रह रहे हैं। जिले में संक्रमण दर बढ़कर अब पांच प्रतिशत पहुंच गई है।
कोरोना की तीसरी लहर काफी तेज है, दिल्ली में संक्रमण बेकाबू है। हापुड़ जिले से रोजाना करीब 30 हजार लोग नौकरी अथवा अन्य व्यापार के लिए गाजियाबाद, नोएडा, दिल्ली जाते हैं। इनमें 25 प्रतिशत ही अपने वाहनों का प्रयोग करते हैं, बाकी बस, ट्रैन के जरिए सफर करते हैं। हापुड़ में अब तक कोरोना संक्रमित मिले मरीजों में सबसे अधिक युवा हैं।
इन युवाओं की ट्रेवलिंग हिस्ट्री खंगाली गई तो अधिकांश वही निकले जो जिले से बाहर रोजाना आते जाते हैं। संक्रमण का असर कमजोर होने के कारण बहुत से युवाओं में लक्षण भी नहीं दिख रहे, इसके चलते उनके परिजन भी संक्रमित हो रहे हैं।
वायरस को कमजोर न समझें
डिप्टी सीएमओ डॉ प्रवीण शर्मा का कहना है कि कोरोना संक्रमण होने पर हल्के लक्षण आ रहे हैं, बहुत से मरीजों को बुखार तक नहीं आ रहा। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि संक्रमण को कमजोर समझा जाए। डेल्टा संक्रमण भी शुरूआत में ऐसा ही था, ऐसे में समय रहते संभल जाना ही सही रहेगा।
बाजारों में भीड़ बेपरवाह, प्रशासन की ढिलाई
बाजारों में भीड़ उमड़ रही है, प्रशासन की यह ढिलाई बड़े खतरे को न्यौता दे रही है। लोग भी कोरोना गाइडलाइन का पालन नहीं कर रहे हैं, यही वजह है कोरोना संक्रमण बेहद तेजी से बढ़ रहा है।
बच्चे, बुजुर्गों में भी फैला संक्रमण
कोरोना संक्रमण बच्चों और बुजुर्गों में भी तेजी से फैल रहा है। आश्चर्य की बात यह है कि बहुत से बुजुर्ग घरों से बाहर भी नहीं निकले और संक्रमित हो गए। चिकित्सक भी उनकी ट्रेवलिंग हिस्ट्री का पता नहीं लगा सके हैं।
पांच प्रतिशत पहुंची संक्रमण दर
जिले में कोरोना की संक्रमण दर तीसरी लहर में पांच प्रतिशत पहुंच गई है। जबकि रिकवरी दर में ढाई प्रतिशत की गिरावट आयी है। जिले में हर 100 मरीज में 5 संक्रमित मिल रहे हैं।
तीसरी लहर में आयु वर्ग के अनुसार संक्रमण
आयु संक्रमित
शून्य से 15 साल 43
16 से 20 साल 48
21 से 30 साल 92
31 से 40 साल 77
41 से 50 साल 55
51 से 60 साल 32
61 से 70 साल 42
71 से 80 साल 35
81 से 90 साल 18
91 से 99 साल 09
बाहर से आने जाने वाले अधिक संक्रमित
कोरोना की तीसरी लहर में बाहर से आने जाने वाले अधिक संक्रमित मिले हैं। हालांकि किसी में गंभीर लक्षण नहीं हैं। घर पर ही उपचार पाकर मरीज स्वस्थ हो रहे हैं। सभी लोग टीकाकरण, मास्क, सामाजिक दूरी का पालन करें।--डॉ.प्रवीण शर्मा, डिप्टी सीएमओ।