चार दिन बाद आज से फिर चलेगी नौचंदी एक्सप्रेस
हापुड़। नौचंदी एक्सप्रेस ट्रेन का शनिवार से फिर संचालन शुरू हो रहा है। इससे यात्रियों को काफी राहत मिलेगी, जबकि काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस का संचालन बृहस्पतिवार को शुरू हो गया है। नौचंदी का संचालन चार जनवरी से और काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस को पांच और छह जनवरी को रद्द किया गया था।
रोजा-बरतारा में यार्ड रिमॉडलिंग और नॉन इंटरलॉकिंग कार्य चल रहा है। जिस कारण रेलवे प्रशासन ने ब्लॉक लिया हुआ है। इसके कारण हापुड़ रेलवे स्टेशन पर ठहरने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस दो दिन और नौचंदी एक्सप्रेस चार दिन के लिए रद्द किया गया था। सबसे अधिक परेशानी यात्रियों को नौचंदी एक्सप्रेस ट्रेन के रद्द होने से हो रही थी। जिन लोगों को लखनऊ और हाईकोर्ट में कार्य करने के लिए जाना था उन्हें अपने प्लान निरस्त करना पड़ा। अब नौचंदी एक्सप्रेस का शनिवार से फिर संचालन शुरू हो जाएगा, जिसके बाद लखनऊ और प्रयागराज जाने वाले लोगों ने राहत की सांस ली है। शनिवार को यात्रा करने के लिए करीब 36 लोगों ने रिजर्वेशन बुक कराया है। इसके अलावा अवध-असम एक्सप्रेस को भी पुराने रूट पर चलाना शुरू कर दिया गया है।
स्टेशन अधीक्षक अजब सिंह ने बताया कि यार्ड रिमॉडलिंग व नॉन इंटरलॉकिंग कार्य शुक्रवार को पूरा हो जाएगा। शनिवार से नौचंदी एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा। काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस का संचालन 6 जनवरी को शुरू हो गया था।