हर कार्ड पर एक किलो कम मिल रहा राशन, लोगों का हंगामा
हापुड़। गढ़ रोड स्थित फ्लाई ओवर के पास भीमनगर में बृहस्पतिवार को राशन वितरण के दौरान लोगों ने कम राशन देने का आरोप लगाता हुए हंगामा किया। लोगों ने आरोप लगाया कि डीलर एक कार्ड पर एक किलोग्राम तक राशन की कटौती कर रहा था, जबकि शासन से फ्री राशन वितरण की योजना है। शिकायत के बाद अधिकारी भी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
कोरोना महामारी में शासन ने गरीबों के लिए निशुल्क राशन की योजना शुरू की थी। लेकिन डीलरों की मनमानी के चलते पात्रों को पूरा राशन नहीं मिल रहा है। भीमनगर मोहल्ले में बृहस्पतिवार को डीलर के खिलाफ लोगों ने हंगामा किया। लोगों ने बताया कि राशन वितरण की दुकान से करीब 500 कार्ड धारक जुड़े हैं। जब भी राशन वितरण का समय आता है, हर कार्ड पर एक किलोग्राम राशन की कटौती कर दी जाती है। कोरोना का खतरा बढ़ रहा है लेकिन दुकान पर लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है।
कम राशन दे रहा डीलर
राशन डीलर जब भी राशन बांटता, उनके राशन से एक किलो की कटौती जरूर करता है। इसका विरोध करने पर कहीं ओर से राशन लेने की धमकी तक दी जाती है। - कांता।
इस बार भी एक किलो कम मिला राशन
कार्ड पर जितना राशन मिलना चाहिए था, उससे एक किलो कम राशन मिला है। हर बार यही समस्या रहती है। अधिकारियों से शिकायत करने पर भी कोई सुनवाई नहीं हुई। - पवन।
अधिकारी नहीं दे रहे ध्यान
राशन वितरण के नाम पर गरीबों का हक मारा जा रहा है, विरोध इसलिए नहीं करते क्योंकि उनकी सुनने वाला कोई नहीं है। अधिकारी भी ध्यान नहीं दे रहे हैं। - ऊषा।
अधिकारी भी मिलीभगत में शामिल
राशन में कटौती के सवाल पर डीलर यही कहता है कि पैसा ऊपर तक पहुंचाना पड़ता है। इसलिए राशन से कटौती करना जरूरी है। ऐसा लग रहा है अधिकारी भी इसमें शामिल हैं। - विशाल।
राशन में नहीं हो रही कटौती
राशन वितरण में किसी तरह की धांधली नहीं की जाती है। राशन कार्ड पर पूरा राशन दिया जा रहा है, किसी न किसी बात को लेकर कार्ड धारक हंगामा करते रहते हैं।--सुनील, राशन वितरक।
प्रकरण की होगी जांच, करेंगे कार्रवाई
गरीबों को दिए जाने वाले राशन में किसी तरह की कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मामले की आवश्यक जांच कर, कड़ी कार्रवाई अमल में लायी जाएगी। अभियान चलाकर राशन वितरण की जांच भी होगी।--राजेश कुमार, डीएसओ।
भीम नगर स्थित राशन डीलर की दुकान पर बिना मास्क लगाये महिला को राशन देते कर्मचारी संवाद- फोटो : HAPUR