फॉल्ट से तीन घंटे गुल रही 45 हजार घरों की बिजली
हापुड़। कड़कड़ाती सर्दी में बिजली की बढ़ती डिमांड से आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। आनंद विहार स्थित 220केवी क्षमता के बिजलीघर में बृहस्पतिवार को फॉल्ट से शहर के करीब 45 हजार घरों की बत्ती गुल हो गई, करीब तीन घंटे तक यह संकट बना रहा। वहीं, हाईटेंशन लाइन मे फॉल्ट से दिल्ली रोड बिजलीघर के फीडर तीन से जुड़े 9 मोहल्लों में रातभर बिजली नहीं आयी, करीब 15 घंटे बाद इन इलाकों की आपूर्ति सुचारु हो सकी। लोगों को पानी समेत जरूरी कार्य निपटाने में काफी परेशानी हुई।
हापुड़ शहर के अधिकांश इलाकों को बिजली आपूर्ति दिल्ली रोड और अतरपुरा बिजलीघर से दी जाती। दोनों ही बिजलीघर अलग-अलग लाइन से आनंद विहार स्थित 220केवी क्षमता के बिजलीघर से जुड़े हैं। दिल्ली रोड बिजलीघर को आपूर्ति देने वाली मैनबॉक्स में बृहस्पतिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे फाल्ट हो गया। पूरा बिजलीघर ठप होने से इससे जुड़े इलाकों में भी आपूर्ति बाधित हो गई। लगभग साढ़े चार बजे सप्लाई सुचारु हो सकी।
9 मोहल्लों ने झेली दोहरी मार
दिल्ली रोड बिजलीघर के फीडर नंबर तीन से मोहल्ला कसेरठ बाजार, राजीव विहार, महेशपुरी, कोठीगेट, खाई, माता मोहल्ला, नूर बफान गंज, गोपीपुरा, जैनलोक जुड़े हैं। इन मोहल्लों को आपूर्ति के लिए जा रही अंडरग्राउंड हाईटेंशन लाइन में तहसील चौराहा के पास बुधवार रात करीब आठ बजे फाल्ट हो गया। जिसे दुरुस्त करने में निगम की टीम को करीब 15 घंटे लगे, बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। लेकिन डेढ़ घंटे बाद फिर से सभी मोहल्लों की आपूर्ति गुल हो गई।
इन मोहल्लों की आपूर्ति रही प्रभावित-
मजीदपुरा, त्रिलोकीपुरम, अलीनगर, कोटला मेवतियान, पीर बाउद्दीन, बुलंदशहर रोड आवास विकास, मोती कॉलोनी, नवाजीपुरा, रफीकनगर, तगासराय, आलोक, मधुबन कॉलोनी, रघुवीर गंज, अशोक कॉलोनी, गणेशपुरा, गंगापुरा, आर्यनगर, जवाहगंज, त्रिवेणी गंज, विवेक विहार, श्रीनगर, कलक्टर गंज, रामगंज, अर्जुननगर, चमरी, बैंक कॉलोनी, लज्जापुरी, सिद्धार्थनगर, अपनाघर कॉलोनी।
अतरपुरा, प्रीत विहार बिजलीघर एक-एक घंटा रहे बंद
अतरपुरा और प्रीत विहार बिजलीघर भी बृहस्पतिवार दोपहर में डेढ़ बजे से करीब ढाई बजे तक बंद रहे। इनसे जुड़े इलाकों की आपूर्ति प्रभावित रही। वैक्लपिक व्यवस्था कर, किसी तरह इन बिजलीघरों को चालू कराया जा सका।
चंडी रोड पर फाल्ट, तीन घंटे बंद रही सप्लाई
अतरपुरा बिजलीघर से जुड़ी चंडी रोड पर फॉल्ट से बाजारों की आपूर्ति करीब तीन घंटे तक गुल रही। विद्युत पोल के ऊपर जंपर फुंकने से समस्या बनी थी। यहां के व्यापारियों को काफी समस्या का सामना करना पड़ा। तीन घंटे बाद आपूर्ति बहाल हो सकी।
श्रीनगर में तारों में लगी आग
मोहल्ला श्रीनगर में बुधवार रात को अचानक तारों में आग लगी गई। देखते ही देखते रबड़ की तारें धूं-धूं कर जलने लगी। इससे वहां भगदड़ मच गई, शट डाउन लेकर फॉल्ट को रात में ही दुरुस्त किया जा सका।
कसेरठ बाजार की बर्तन इकाईयां रहीं बंद
कसेरठ बाजार में 15 घंटे तक आपूर्ति बाधित रहने से बर्तन बनाने वाली इकाईयां बंद रहीं। इससे कारोबारियों को काफी नुकसान हुआ। बृहस्पतिवार को दिनभर कारखाने चालू नहीं हो सके। क्योंकि शाम होते ही श्रमिक वापस लौटने लगे।
नहीं निपटा सके जरूरी काम
कसेरठ बाजार की बिजली रातभर गुल रही, सुबह होने पर भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। ऐसे में जरूरी कार्य निपटाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। आए दिन यही समस्या रहती है। - विकास गर्ग।--फोटो संख्या--05
पूरे दिन नहीं चले कारखाने
बिजली आपूर्ति बाधित रहने से दिनभर कारखाने नहीं चल सके। इससे काफी नुकसान हुआ है, बिजलीघर पर फोन लगाते रहे लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका। - मुकेश मित्तल।-फोटो संख्या--06
इंवर्टर भी दे गए जवाब
करीब 15 घंटे लगातार बिजली नहीं मिलने और इसके बाद भी आपूर्ति बाधित रहने से इंवर्टर जवाब दे गया। घर में अंधेरा छाया हुआ है, पानी किल्लत से परेशानी हो रही है। -परमजीत सिंह।-फोटो संख्या--07
गर्मियों की तरह बिजली संकट
गर्मियों में लगातार फॉल्ट बढ़ने से काफी परेशानी होती थी। सर्दियां आने से राहत की उम्मीद थी, लेकिन इन दिनों जबरदस्त कटौती हो रही हैं। आपूर्ति बाधित रहने से काम भी प्रभावित हो रहे हैं।-तरूण जैन।-फोटो संख्या--08
फॉल्ट ठीक कराकर सप्लाई चालू कराई
अंडरग्राउंड केबिल और 220केवी क्षमता के बिजलीघर में फॉल्ट से समस्या बनी थी। जिसे दुरुस्त करा दिया गया है, उपभोक्ताओं को परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है।--मनोज कुमार, अधिशासी अभियंता।