नए साल के जश्न पर रहेगा पुलिस का पहरा, हुड़दंग किया तो खैर नहीं
हापुड़। नए साल के दौरान जश्न मनाने पर कोई पाबंदी नहीं होगी, लेकिन इसके लिए कोविड नियमों का पालन करना जरूरी होगा। जश्न के दौरान हुड़दंग किया तो रात हवालात में गुजरानी पड़ेगी। एसपी ने अराजक तत्वों व हुड़दंगियों पर नकेल कसने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। इसके लिए जिले की पुलिस को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। 31 दिसंबर की पूरी रात पुलिस का पहरा रहेगा। इसके लिए अधिकारियों के अलावा सीओ व थाना प्रभारियों समेत करीब एक हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
जिले में युवा नए साल की तैयारियों में जुटे हैं। लेकिन रात्रि कर्फ्यू को इस दिन अधिक प्रभावी किया जाएगा। कार्यक्रमों के आयोजन में कोविड के नियमों का पालन जरूरी होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों से जुर्माना वसूला जाएगा। हुड़दंग रोकने के लिए जिले की पुलिस ने भी तैयारी कर ली है। एसपी दीपक कुमार भूकर ने बताया कि नववर्ष को लेकर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। नियमानुसार नया साल मनाने वालों पर कोई पाबंदी नहीं है। लेकिन हुड़दंग करने वाले विशेष रूप से निशाने पर रहेंगे। वाहनों में बैठकर सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों से पुलिस सख्ती से पेश आएगी। नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े जाने पर वाहन को जब्त कर लाइसेंस रद्द कराया जाएगा।
शराब व हुक्का परोसे जाने पर रहेगी नजर
नववर्ष की पूर्व संध्या पर पुलिस सुबह से ही के जश्न के दौरान शहर के होटलों, रेस्टोरेंट व अन्य स्थानों में शराब व हुक्का परोसे जाने पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी। अराजक तत्वों पर कार्रवाई करने के लिए पुलिस जगह-जगह बैरीकेडिंग कर चेकिंग करेगी।
---
जिले भर में 30 स्थानों पर चेकिंग करेगी पुलिस
शहर में मुख्य मार्गों और स्थानों पर पुलिस की तैनाती के साथ जिले भर के 30 ऐसे प्वाइंट चिन्हित किए गए हैं, जहां पुलिस बल तैनात रहेगा। मुख्य रूप से कार और बाइकों पर आने जाने वालों की चेक किया जाएगा। शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले मुख्य रूप से निगरानी रहेगी।
----
नए साल के आयोजनों के लिए प्रशासन सतर्क
नववर्ष के आयोजनों के लिए जिला प्रशासन भी सतर्क हो गया है। एसडीएम दिग्विजय सिंह ने बताया कि नववर्ष के कार्यक्रम के लिए शासन द्वारा जो भी गाइड लाइन जारी की गई हैं, उनका पालन कराया जाएगा।
--
होटलों ने की तैयारियां, लेकिन नहीं मिल रही बुकिंग
कोविड का डर लोगों में भले ही खत्म हो गया हो, लेकिन नए साल को लेकर युवाओं में पहले जैसा उत्साह देखने को नहीं मिल रहा है। युवा अपने निजी स्थानों पर ही सीमित दोस्तों के साथ कार्यक्रम करने की योजना बना रहे हैं। रेस्टोरेंट संचालक टोनी ने बताया कि रेस्टोरेंटों में नव वर्ष को लेकर तैयारियां पूरी हैं, लेकिन फिलहाल बुकिंग कम ही मिल रही है। रेस्टोरेंट में कोविड के नियमों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।