बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में चार्जशीट दाखिल
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला निवासी आठ वर्षीय बच्ची का अपहरण करने के बाद दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी। बच्ची का शव आरोपी के घर में लोहे के बक्से में बंद मिला था। इस मामले मेें फोरेंसिक टीम द्वारा मौके से लिए गए साक्ष्य अहम सबूत का काम करेंगे। हालांकि अभी तक आरोपी की डीएनए रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है।
यह था पूरा मामला
नगर के मोहल्ला निवासी मजदूर की आठ वर्षीय पुत्री दो दिसंबर की शाम से लापता थी। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। चार दिसंबर को पड़ोस के ही एक मकान से बदबू आने पर पड़ोसी युवक ने मकान में कूदकर एक लोहे के बक्से में बच्ची का शव होने की जानकारी लोगों को दी थी। इसके बाद लोगों ने मोहल्ले में ही घूम रहे आरोपी ई-रिक्शा चालक को पकड़कर धुनाई कर दी। पुलिस ने पहुंचकर आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं घर का ताला तोड़कर अंदर घुसी और बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। आरोपी ने पूछताछ में बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या करना कुबूल किया था।
फोरेंसिक टीम द्वारा लिए साक्ष्य होंगे अहम -
एसपी दीपक भूकर ने बताया कि बृहस्पतिवार को पुलिस ने हत्यारोपी के खिलाफ चार्जशीट न्यायालय में पेश कर दी है। बच्ची व हत्यारोपी के डीएनए नमूने जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजे गए थे। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आना अभी बाकी है। रिपोर्ट मिलने पर उसे भी न्यायालय में दाखिल कर दिया जाएगा। पुलिस सूत्रों के अनुसार मौके पर फोरेंसिक टीम को कमरे में आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिले हैं। बच्ची का आरोपी के ताला लगे घर से बक्से से बरामद होना। बच्ची के शव पर आरोपी के बाल पाए जाना। बच्ची के चप्पल भी आरोपी के कमरे से मिले हैं।