व्यापारियों ने पुलिस को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम
हापुड़। बाबूगढ़ के शाहपुर कट के पास घी व तेल व्यापारी के मुनीम से 3.75 लाख रुपये की लूट के मामले में अभी तक पुलिस के पास ठोस सुराग नहीं लगे हैं। घटना को लेकर व्यापारियों में रोष है और विरोध में बाजार बंद करने की तैयारी की जा रही है। हालांकि व्यापारियों ने पुलिस को एक और दिन का समय दिया है। वहीं शनिवार को बैठक में आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा।
ये था मामला -
बृहस्पतिवार सुबह घी व तेल व्यापारी सुशील का मुनीम प्रमोद कार से गढ़मुक्तेश्वर के व्यापारियों से रुपयों की उगाही कर लौट रहा था। मुनीम ने रुपयों को दो अलग-अलग थैलों में रखकर कार में रख दिया था। जैसे ही वह थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव शाहपुर स्थित एनएच-9 पर पहुंचा तो गलत दिशा से आ रही दूसरी कार में सवार आधा दर्जन बदमाशों ने उसकी कार को रोक लिया। बदमाशों ने हथियारों के बल पर कार में रखा रुपयों से भरा एक थैला लूट लिया था। एसपी दीपक भूकर ने वारदात के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया था।
पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी -
पुलिस हाईवे किनारों पर लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। शुक्रवार को पुलिस ने कुचेसर रोड चौपला से गढ़मुक्तेश्वर तक कई स्थानों पर सीसीटीवी फुटेज खंगाली। लोगों से बदमाशों के हुलिये के बारे में पूछताछ की। मगर बदमाशों से जुड़ा कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका। मुनीम भी पुलिस के शक के घेरे में है। उससे भी पुलिस पूछताछ कर रही है। एसपी ने बताया कि पुलिस की तीनों टीमें दिन रात काम कर रही हैं। जल्द ही वारदात का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। उधर, घटना को लेकर व्यापारियों में रोष है। व्यापारी घटना का खुलासा न होने पर बाजार बंद करने की भी चेतावनी दे रहे हैं। हालांकि अभी पुलिस को एक और दिन का समय दिया गया है।
--
आज होगी व्यापारियों की बैठक -
घटना से व्यापारी वर्ग डरा हुआ है। आज संयुक्त हापुड़ उद्योग व्यापार मंडल की इस संबंध में बैठक होगी, जिसमें बाजार बंद करने या न करने पर विचार किया जाएगा। पुलिस को खुलासे के लिए एक और दिन का समय दिया गया है। - ललित अग्रवाल, अध्यक्ष, संयुक्त हापुड़ उद्योग व्यापार मंडल - फोटो-31
--
पुलिस जल्द करे घटना का खुलासा -
इस प्रकार की घटनाओं से पुलिस की विश्वसनीयता लोगों के ऊपर से उठती है और बदमाशों के हौसले बुलंद होते हैं। पुलिस को चाहिए कि लोगों में विश्वास कायम करने के लिए जल्द घटना का खुलासा करे। - विजय अग्रवाल, संरक्षक, संयुक्त हापुड़ उद्योग व्यापार मंडल -फोटो-32
ललित अग्रवाल- फोटो : HAPUR