हापुड़ में 4.50 लाख बच्चों को लगेगा टीका
हापुड़। जिले के अब 4.50 लाख लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग तैयारियों में जुट गया है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने ब्योरा जुटा लिया है। अब सत्यापन के लिए जल्द ही सर्वे शुरू होने जा रहा है। बच्चों को कोरोनारोधी टीका लगाने के लिए सरकार की हरी झंडी मिलने का इंतजार है।
कोरोना की तीसरी लहर में बच्चों को अधिक खतरा है। इसे लेकर अस्पतालों में तैयारियां पूरी की जा रही हैं। पीकू वार्ड, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन प्लांट का रोजाना ट्रायल भी चल रहा है। कई देशों में कोरोना का नया स्वरूप कहर बरपा रहा है। ऐसे हालातों में जिले के अधिकारी भी सतर्क हो गए हैं। जिले में शून्य से 17 वर्ष के बीच के करीब 4.50 बच्चे हैं। इन सभी को टीका लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग अभी से तैयारियों में जुट गया है। इसके लिए डाटा भी जुटा लिया गया है। अधिकारियों की मानें तो बच्चों के लिए जल्द ही कोरोनारोधी टीका आ सकता है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि जिले के 18 वर्ष से ऊपर के 11,60,171 लोगों को टीके का कम से कम एक डोज लगाया जा चुका है। टीकाकरण के लिए शासन से 10,981,163 लोगों को दोनों डोज लगाने का लक्ष्य दिया गया है। लक्ष्य को जल्द से जल्द पूरा किया जा सके, इसके लिए जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में 24 घंटे टीकाकरण कार्य कराया जा रहा है।
-----
बीमार बच्चों की तैयार होगी सूची
बच्चों को कोरोनारोधी टीका लगाने के लिए बीमार बच्चों की अलग से सूची तैयार की जाएगी। पहले चरण में बीमार बच्चों को टीका लगाया जाएगा। विभाग ऐसे बच्चों की सूची तैयार कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार आशा, आंगनबाड़ी और एएनएम की मदद से बीमार बच्चों की सूची तैयार कराई जा रही है।
-----
उम्र के अनुसार बच्चों की संख्या
0-8 वर्ष 2.20 लाख
9-12 वर्ष 1.45 लाख
13-17 वर्ष 1.10 लाख