तेल कारोबारी के मुनीम से तमंचे के बल पर 3.75 लाख की लूट
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के शाहपुर जट्ट मोड़ के पास एनएच-09 पर कार सवार बदमाशों ने हापुड़ के तेल कारोबारी के मुनीम से तमंचे के बल पर 3.75 लाख रुपये की लूट कर ली। लूट के बाद बदमाश गढ़ की ओर फरार हो गए। सूचना पर एसपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। वहीं, व्यापारियों ने 24 घंटे में खुलासा नहीं होने पर बाजार बंद करने का एलान कर दिया है।
पुलिस के अनुसार गांव सिमरौली निवासी प्रमोद कुमार शहर के श्रीनगर निवासी घी, तेल व्यापारी सुशील के यहां कार्य करता है। बृहस्पतिवार दोपहर प्रमोद गढ़मुक्तेश्वर से रुपये एकत्र कर अपनी कार से हापुड़ वापस आ रहा था। बताया गया है कि जैसे ही वह शाहपुर जट्ट के पास पहुंचा तो आगे से बिना नंबर प्लेट की एक गाड़ी उसके सामने आ गई। हादसे से बचने के लिए उसने ब्रेक लगाए। इससे पहले कि प्रमोद कुछ समझ पाता गाड़ी से उतरे दो बदमाशों ने उसे गन प्वाइंट पर ले लिया। गाड़ी में रखे पैसों के थैले को बदमाश लूटकर ले गए। दिनदहाड़े हुई इस लूट से पुलिस, प्रशासन में अफरा तफरी मच गई। एसपी दीपक भूकर समेत स्थानीय थाने की पुलिस ने जांच पड़ताल की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच शुरू करा दी गई है। मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। घटना का खुलासा करने के लिए टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---
- 24 घंटे में गिरफ्तारी नहीं तो बाजार बंदी का एलान -
घटना से गुस्साए व्यापारी घटना स्थल पर पहुंचे। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष बिजेंद्र पंसारी, युवा जिलाध्यक्ष दीपांशु गर्ग व संयुक्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष ललित अग्रवाल छावनी वालों ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि 24 घंटे के अंदर यदि पुलिस ने घटना का खुलासा कर, पैसे बरामद नहीं कराए तो व्यापारी बाजार बंद कर देंगे।
---
- 12 लाख से अधिक कैश लुटने की रही चर्चा -
बदमाशों द्वारा मुनीम से 12 लाख रुपये से अधिक की लूट की चर्चा शहर में आग की तरह फैल गई। हालांकि पुलिस को दी जानकारी में भी पीड़ित ने 3.75 लाख की लूट होना ही बताया।