स्मॉग की चादर में दिनभर लिपटा रहा शहर, एक्यूआई पहुंचा 357
हापुड़। मौसम जैसे-जैसे ठंडा होता जा रहा है वैसे ही प्रदूषण का स्तर भी बढ़ रहा है। बुधवार को दिनभर पूरा शहर स्मॉग की चादर में लिपटा रहा। आसमान में दिनभर बादल छाए रहे। वहीं, हवा की गुणवत्ता भी बेहद बिगड़ी रही। एक्यूआई 357 तक पहुंच गया। लगातार बढ़ता प्रदूषण सांस रोगियों के लिए मुसीबत बन रहा है। अस्पतालों में सांस के मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है।
बुधवार को दो बजे वायु गुणवत्ता का सूचकांक 357 दर्ज किया गया। यह स्तर मरीजों के साथ-साथ स्वस्थ व्यक्ति के लिए भी बेहद खतरनाक है। चिकित्सकों के अनुसार पिछले पांच दिनों में सांस के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिली है। फिजिशियन डॉ. प्रदीप मित्तल का कहना है कि वायु प्रदूषण बढ़ने के कारण श्वसन तंत्र में संक्रमण और अस्थमा के मरीज बढ़ रहे हैं। लोगों को आंखों में खुजली के साथ जलन महसूस हो रही है। इसके अलावा गले में खरास जलन और सिरदर्द की शिकायतें भी हो रही हैं।
उनका कहना है कि प्रदूषण के उच्च स्तर के संपर्क में आने से स्वस्थ व्यक्ति को संक्रमण और एलर्जी की शिकायत हो सकती है। प्रदूषण स्वस्थ व्यक्ति की रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी खराब कर देता है। लोगों को लोगों को कोरोना संक्रमण के साथ-साथ बढ़ते प्रदूषण के स्तर से भी बचना होगा। प्रदूषण अधिक बढ़ने से दिल के दौरे और स्ट्रोक की घटनाएं बढ़ जाती हैं।
सूरज के नहीं हुए दर्शन
नगर के लोग बुधवार की सुबह सोकर उठे, तो आसमान में स्मॉग छाया हुआ था। वहीं, आसाम में बादल छाए हुए थे। जिसके कारण पूरा दिन सूर्यदेव आंख मिचौली करते रहे। पूरा दिन लोग धूप निकलने का इंतजार करते रहे लेकिन, सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो सके।
इन रोगों के बढ़ रहे मरीज
वायरल निमोनिया, अस्थमा और छाती में संक्रमण जैसे मरीजों के अलावा सांस लेने में कठिनाई, खांसी, बुखार, कफ , नींद न आने जैसी परेशानियां भी लोगों को हो रही हैं। इसके अलावा आंखों में जलन की भी लोगों को शिकायत हो रही है।
प्रदूषण के प्रभाव को कम करने के उपाय
- सुबह शाम बाहर जाने से बचें। बाहर निकलने पर मास्क लगाकर ही निकलें।
- ठंडे पेय पदार्थों से परहेज करें और धूम्रपान न करें।
- यदि कोई सांस का मरीज इन्हेलर ले रहा है तो उसे नियमित लेते रहें।
- घर आने के बाद गुनगुने पानी से गरारे करें
- पानी ज्यादा से ज्यादा पिएं और बाहर से आने पर मुंह जरूर धोएं।
-----
दिन भर बादलो में छिपे रहे सूर्य देवता संवाद- फोटो : HAPUR
गढ़ रोड पर जाते वाहन से निकलता जहरीला धुआँ संवाद- फोटो : HAPUR
गढ़ रोड पर छायी धुंध संवाद- फोटो : HAPUR