शादी का झांसा देकर सात साल तक किया दुष्कर्म
हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला को शादी का झांसा देकर एक आरोपी ने करीब सात वर्षों तक दुष्कर्म किया। महिला ने पुत्री को जन्म भी दे दिया। अब आरोपी दोनों को स्वीकार करने से इंकार कर रहा है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
महिला ने बताया कि वर्ष 2001 में पड़ोस निवासी मलखान ने उसे अपने प्रेम में फंसा लिया। वर्ष 2007 से वह शादी का झांसा देकर दुष्कर्म कर रहा है। वर्ष 2007 में ही आरोपी ने पीड़िता से शादी कर ली। इसके बाद पीड़िता उसके साथ रहने लगी। पीड़िता ने एक पुत्री को जन्म दिया। पुत्री पैदा होने के बाद से आरोपी उसे अनदेखा करने लगा। कुछ दिन बाद उसने अपनी पुत्री का स्कूल में दाखिला कराया, लेकिन आरोपी ने पुत्री के पिता के नाम की जगह अपना नाम दर्ज नहीं कराया। बल्कि किसी अन्य व्यक्ति का नाम पिता के नाम पर दर्ज करा दिया। उसके आधार कार्ड का भी दुरुपयोग किया गया। आरोपी ने अब पीड़िता व उसकी पुत्री को स्वीकार करने से इंकार कर दिया है। पीड़िता ने मामले में थाने में तहरीर दी। सीओ वैभव पांडेय ने बताया कि आरोपी मलखान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।