जिससे शादी की, उसके ही अपहरण में सात साल बाद गिरफ्तार
हापुड़। सात साल पहले युवती के अपहरण में जिस आरोपी पर मुकदमा दर्ज हुआ। दस हजार का इनाम भी घोषित कर दिया। वही आरोपी युवती से शादी कर हापुड़ में रह रहा था। दंपती के दो बच्चे भी हैं। बाबूगढ़ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2014 में गांव होशदारपुर गढ़ी निवासी रणवीर गांव की ही एक युवती को भगाकर ले गया था। युवती के परिजनों ने आरोपी पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। लेकिन, पुलिस आरोपी व युवती को बरामद नहीं कर सकी थी। गिरफ्तारी न होने पर पुलिस अधिकारियों ने आरोपी पर दस हजार का इनाम भी घोषित किया था। तभी से वह फरार चल रहा था और पुलिस उसे तलाश कर रही थी। बुधवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पता चला कि उसने युवती से शादी कर ली है। जिसके बाद युवती ने दो बच्चों को जन्म दिया था। पूरा परिवार हापुड़ नगर क्षेत्र के एक मोहल्ले में रह रहा था।