टीकाकरण केंद्रों पर लापरवाही, नहीं हो रहा गाइडलाइन का पालन
हापुड़। कोविड अभी खत्म नहीं हुआ है। बावजूद टीकाकरण बूथों पर लापरवाही शुरू हो गई है। स्वास्थ्य विभाग का स्टॉफ बिना मास्क और ग्लब्स के ही टीका लगा रहा है। उन्हें देख बूथों पर आने वाले लोग भी कोई सुरक्षा नहीं अपना रहे। इस तरह की चूक संक्रमण को फिर से ताकतवर बना सकती है। सोमवार को कुछ टीकाकरण केंद्रों का आंखों देखा हाल।
जिला अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग टीकाकरण कराने पहुंच रहे थे। बूथ पर तैनात कर्मचारी के मुंह पर न तो मास्क था और न ही हाथ में ग्लब्स। सामाजिक दूरी की धज्जियां भी उड़ रही थीं। कर्मचारियों को बिना मास्क देख टीकाकरण कराने आने वाले लोग भी मास्क उतारकर ही अंदर जा रहे थे। असौड़ा में बनाए गए बूथ पर टीका लगवाने वालों की एंट्री करने वाले स्टॉफ भी बिना मास्क और बिना सुरक्षा अपनाए बैठे थे। यहां आने वाले लोगों को भी कोविड गाइडलाइन का ध्यान नहीं था। टीकाकरण करने वाली कर्मचारी के मुंह पर मास्क जरूर था, लेकिन ग्लब्स नहीं लगाए थे। इसके अलावा देहली गेट पर बूथ बनाकर टीकाकरण किया जा रहा था। यहां भी सामाजिक दूरी की धज्जियां उड़ रही थीं। सुरक्षा के कोई उपाय नहीं थे और न ही ऑब्जर्वेशन की सुविधा। टीका लगवाने आने वाले लोग भी बिना मास्क ही पहुंच रहे थे।-
टीकाकरण के दौरान सुरक्षा जरूरी
टीकाकरण के दौरान सुरक्षा बरतने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। कोविड गाइडलाइन की अवहेलना बर्दाश्त नहीं होगी। बूथों का निरीक्षण कर लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई होगी। -डॉ रेखा शर्मा, सीएमओ