प्रदूषण कर रहा सेहत खराब, 165 मरीज पहुंचे अस्पताल
हापुड़। दिवाली के बाद बढ़ा प्रदूषण अब लोगों को बीमार करने लगा है। रविवार को जिले का एक्यूआई 437 दर्ज किया गया। गंभीर बात यह है कि स्मॉग से अस्पतालों में आंखों और सांस फूलने की मरीजों की संख्या बढ़ गई। रविवार को ही करीब 165 मरीज जिला अस्पताल पहुंचे। शनिवार को हापुड़ का एक्यूआई 465 दर्ज किया गया था।
नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. अतुल आनंद ने बताया अस्पताल में बीस प्रतिशत रोगी आंखों में जलन की शिकायत लेकर पहुंचे। उनका इलाज किया गया। डा. जीवोत्तम नारंग ने कहा कि सांस रोगियों की संख्या में भी तेजी से इजाफा हुआ है। इसके अलावा गले की खराश और इंफेक्शन की शिकायत लेकर भी लोग आए। उन्होंने लोगों को हिदायत दी कि वे वे मॉस्क लगाएं और जरूरी काम के लिए ही बाहर निकलें। मौसम वैज्ञानिक डॉ. हंसराज सिंह ने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 27.6 और न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में अधिकतम आर्द्रता 75 व न्यूनतम 39 प्रतिशत दर्ज की गई। प्रदूषण नियंत्रण के स्टेशन इंचार्ज सलमान राणा ने बताया कि दीपावली के बाद प्रदूषण से हवा की सेहत खराब हुई है। शहर में पटाखों से ध्वनि प्रदूषण के साथ एक्यूआई का स्तर भी बढ़ा है।
जिला प्रशासन की लापरवाही पड़ रही भारी
जिला प्रशासन इस समय गंगा मेले के आयोजन में व्यस्त है। जिले में ग्रैप के नियमों के उल्लंघन करने वालों पर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हो रही है। सड़कों के किनारे खुले में निर्माण सामग्री पड़ी है और बिना मानकों को पूरा किए निर्माण कराए जा रहे हैं। सड़कों पर धूल उड़ रही है और पानी के छिड़काव नहीं हो रहा है।
मास्क पहनें, घर के बाहर पानी का छिड़काव करें
ऐसी परिस्थितियों में विशेष रूप से सतर्कता बरतने की आवश्यकता है, घरों की खिड़कियां दरवाजे बंद रखें। बीमार लोग घरों से बाहर न निकलें। घर के आसपास पानी का छिड़काव करें। -डॉ रेखा शर्मा, सीएमओ।