मुठभेड़ के बाद पुलिस ने चार पशु चोरों को पकड़ा
हापुड़। थाना बाबूगढ़ और एसओजी टीम ने मुठभेड़ के बाद चार पशु चोरों को गिरफ्तार किया। एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाशों से तीन तमंचे, पांच कारतूस, दो खोके और चोरी किए गए मवेशी बरामद हुए हैं।
एसपी दीपक भूकर ने बताया कि शनिवार रात थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक अभिनव पुंडीर व एसओजी प्रभारी नसीम खान को सूचना मिली कि किठोर की तरफ से कुछ बदमाश मिनी ट्रक में चोरी के पशु लेकर हापुड़ की तरफ आ रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस ने गांव छतनौरा के पास किठोर मार्ग पर चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस को एक मिनी ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस ने मिनी ट्रक रोकने का इशारा किया। इस पर मिनी ट्रक सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए जवाबी फायरिंग में चार बदमाशों को दबोच लिया। एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। इसकी पहचान जनपद मेरठ के थाना मुंडाली क्षेत्र के गांव डेरिया रछौती व वर्तमान में थाना किला परिक्षितगढ़ के गांव जिठौला नारंगपुर निवासी सुधीर के रूप में हुई। जबकि अन्य किला परिक्षितगढ़ के गांव भगवानपुरी निवासी हसीन, धौलाना क्षेत्र के गांव डेहरा हाल निवासी कोतवाली हापुड़ नगर के मोहल्ला मोती कालोनी निवासी अनसार व कोतवाली हापुड़ नगर क्षेत्र के मोहल्ला शिवदयालपुरा निवासी आस मोहम्मद उर्फ आशु हैं।