नवरात्र के पहले दिन 50 करोड़ का कारोबार
हापुड़। शरदीय नवरात्र के पहले दिन बाजार गुलजार रहे। ज्वेलरी, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल और गारमेंट्स की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। जिले में करीब 50 करोड़ का कारोबार हुआ। व्यापारियों का कहना है अब दीपावली तक बाजारों में ग्राहकों की कमी नहीं होगी।
पिछले दो साल त्योहारी सीजन लॉकडाउन की भेंट चढ़ा रहा। लेकिन इस बार हालात सुधरने के बाद बाजार की स्थिति में सुधार हुआ है। पितृपक्ष बीतने के बाद बृहस्पतिवार को शारदीय नवरात्र शुरू होने से व्यापारियों के चेहरे खिले नजर आए। नवरात्र के पहले दिन हापुड़ के प्रमुख बाजार रेलवे रोड, गोल मार्केट, साधना मार्केट, सर्राफा बाजार, पुरानी मंडी, नई मंडी, पाटिया मंडी, कोठीगेट बाजार आदि में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ रही। लोगोें ने गहने, कपड़े, और वाहनों की खरीद की।
सराफा बाजार में दस करोड़ का कारोबार
सराफा बाजार में करीब दस करोड़ का कारोबार हुआ। सराफ की दुकानों और ज्वेलरी शोरूम के मालिकों ने गहनों पर आकर्षण छूट दी। ग्राहकों को किसी प्रकार की परेशानी न आए इसके लिए अतिरिक्त कर्मचारियों को लगाया। कई लोगों ने अपने मनपसंद डिजाइन के गहने बनवाने के लिए ऑर्डर दिए।
करीब 3 करोड़ के वाहनों की हुई बिक्री
दिल्ली रोड, मेरठ रोड स्थित वाहन शोरूमों पर सुबह से लोग पहुंचते रहे। अपनी मनपसंद के वाहनों को खरीदने के लिए जानकारी हासिल की। मनपंसद रंग और डिजाइन के आधार पर मोटरसाइकिल, बुलेट, स्कूटी, कार को खरीदा। पहले नवरात्र में वाहनों की बंपर सेल होने पर शोरूम स्टाफ भी खुश दिखे। करीब तीन करोड़ के वाहन बुक हुए और बिक्री हुई।
मोबाइल के दुकानों पर रही भीड़
मोबाइल की दुकानों पर खासकर युवाओं भी भीड़ रही। उन्होंने अपनी पसंद के मोबाइल खरीदे। इसके अलावा इलेक्ट्रानिक्स की दुकानों पर भीड़ रही। कुल मिलाकर इन दुकानों ने करीब 15 करोड़ का कारोबार हुआ।
कपड़ा कारोबार भी चमका
पिछले पंद्रह दिन से सुस्त पड़े गारमेंट्स के कारोबार में भी उछाल नजर आया। कपड़े की दुकानों पर ग्राहक पहुंचे और जमकर खरीदारी की। कपड़ा व्यापारियों की माने तो एक अनुमान के अनुसार जिले में करीब पांच करोड़ का कारोबार हुआ। दिवाली तक अच्छे कारोबार की उम्मीद है।