अधिवक्ता के मामले में प्रधान पक्ष पर केस
हापुड़। हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव रामपुर मेें प्रधान पक्ष और एक अधिवक्ता के परिवार के बीच हुई मारपीट मामले में रविवार को पुलिस ने अधिवक्ता की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हालांकि हाफिजपुर थाना प्रभारी का चार्ज बना हुआ है। उन्हें हटाने की मांग को लेकर हड़ताल जारी रखने का निर्णय सोमवार सुबह बार एसोसिएशन की बैठक के बाद लिया जाएगा।
गांव रामपुर में 21 सितंबर को ग्राम प्रधान पक्ष और अधिवक्ता मिथुन कसाना पक्ष के लोगों के बीच मारपीट हुई थी। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अनुसार प्रधान पक्ष के सिद्धार्थ, सुशील, बब्बल और सतीश ने अधिवक्ता के भाई मेजर को घर में खींचकर मारपीट की थी। जान से मारने की नियत से आरोपियों ने मेजर पर कई फायर भी किए। जिसके खोखे पुलिस ने बरामद कर लिए थे। आरोप था कि पुलिस ने उल्टे प्रधान पक्ष की तहरीर पर अधिवक्ता और उसके पक्ष के लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। इस मामले को लेकर शुक्रवार को अधिवक्ताओं ने तहसील चौपले पर एक घंटे तक हंगामा कर जाम लगाया था। बार एसोसिएशन ने हड़ताल पर जाने की घोषणा के साथ प्रदर्शन और प्रतिदिन तहसील चौपला जाम करने की चेतावनी दी थी। दो दिन अवकाश के चलते अधिवक्ता शांत थे।
रविवार को हाफिजपुर पुलिस द्वारा अधिवक्ता की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजीत सिंह ने इसे अधिवक्ताओं की जीत बताते हुए कहा कि उनकी हाफिजपुर थाना प्रभारी को हटाने की भी मांग थी। इस संबंध में सोमवार को बैठक कर हड़ताल के संबंध में निर्णय लिया जाएगा। सोमवार को अधिवक्ता एसपी दीपक भूकर से भी मुलाकात करेंगे।
अधिवक्ता की तहरीर पर दूसरे पक्ष के चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।-दीपक भूकर, एसपी, हापुड़।